अनूठी मिसाल : ईद उल-अज़हा के मौके पर मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने किया गौ दान, संभाग संयोजक कुरैशी ने कहा गाय के दूध में शिफा है

राष्ट्रीय मुस्लिम मंच ने गौवंश का दान का मिसाल पेश की। मंच ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग भी की।

Jun 29, 2023 - 00:41
Jun 29, 2023 - 00:44
 0
अनूठी मिसाल : ईद उल-अज़हा के मौके पर मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने किया गौ दान, संभाग संयोजक कुरैशी ने कहा  गाय के दूध में शिफा है
रतलाम में राष्ट्रीय मुस्लिम मंच ने किया गौदान।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की जिला इकाई ने ईद-उल-अज़हा से पहले गौ दान कर राष्ट्रीय एकता, सद्भावना और भाईचारे का संदेश दिया। मंच ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की।

मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय मार्गदर्शक इंद्रेश कुमार के आह्वान तथा मध्यप्रदेश के संयोजक मोहम्मद फारुख खान के निर्देश पर जिला संयोजक रफीक कुरैशी ने उज्जैन संभाग संयोजक हाजी इलियास अहमद कुरैशी की मौजूदगी में ईद-उल-अज़हा से पहले गौदान किया। उन्होंने रतलाम की शांतिबाई पति बालू जी को गौवंश दान किया। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की इस पहल की लोगों ने सराहना करते हुए इसे अनूठी मिसाल बताया है।

हमारा मज़हब भी बताता है कि गाय के दूध में शिफा है- कुरैशी

मंच के संभाग संयोजक इलियास एहमद कुरैशी ने कहा है कि गौ दान हिन्दुस्तान की गंगा-जमुनी तहजीब का बहुत खूबसूरत उदाहरण है। किसी को तकलीफ देकर की गई कोई भी कुर्बानी उस रब की बारगाह में कबूल नहीं होती है। हमारा मज़हब भी बताता है कि गाय के दूध में शिफा है। गौ वध से देशवासियों को तकलीफ होती है। हम सभी मुस्लिम संकल्प लेते हैं कि हम अपने हिन्दू भाइयों के दिल को ठेस पहुंचे ऐसा कोई कार्य नहीं करेंगे।

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग

कुरैशी ने मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के बैनर तले महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अपील की है कि जल्द ही गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाए। इस अवसर पर जिला संयोजक कुरैशी ने समाजजन से अपील की है कि कुर्बानी इस तरह से करें कि किसी दूसरे समाजजन की आस्था को ठेस ना पहुंचे। कुरैशी ने स्वच्छता अभियान के चलते सफई का भी पूरा ख्याल रखने का आह्वान मुस्लिम भाइयों से किया है। इस अवसर पर सनातन गौरक्षा दल के जिलाध्यक्ष कुलदीप व्यास, मंच के फिरोज लाला, यूसुफ मेव, नारायण ठेकेदार, मुजफ्फर कुरैशी, कैलाश मसीही, इमरान, अजमत कुरैशी, रमेश, दिलीप भाभर, इस्माइल सहित  बड़ी संख्या में मंच के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।