सावधान ! कलेक्टर अजय कटेसरिया के नाम से विदेशी नंबर से भेजे जा रहे फर्जी WhatsApp संदेश, कलेक्टर ने की सतर्क रहने की अपील
कलेक्टर अजय कटेसरिया के नाम और प्रोफाइल फोटो का दुरुपयोग कर +639615402077 फर्जी WhatsApp नंबर से संदेश भेजे जा रहे हैं। पैसों की मांग की आशंका के बीच नागरिकों और अधिकारियों को सतर्क रहने की अपील।
कलेक्टर अजय कटेसरिया की प्रोफाइल फोटो और नाम का दुरुपयोग; +63 से शुरू नंबर से भेजे जा रहे संदेश, अधिकारियों-कर्मचारियों और नागरिकों को सतर्क रहने की अपील
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । अब साइबर ठगों ने धोखाधड़ी करने के लिए नया तरीका अपनाया है, वे कलेक्टर (आईएएस अफसर) के नाम का WhatsApp मैसेज भेज रहे हैं। इसमें कलेक्टर अजय कटेसरिया के नाम एवं प्रोफाइल फोटो का दुरुपयोग कर एक अनधिकृत WhatsApp नंबर +639615402077 से लोगों को संदेश भेजने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कलेक्टर कटेसरिया ने स्पष्ट किया है कि यह नंबर उनका अधिकृत मोबाइल नंबर नहीं है, इसलिए सावधान रहें।
कलेक्टर अजय कटेसरिया ने नागरिकों एवं जिले के अधिकारियों-कर्मचारियों से अपील की है कि यदि +639615402077 अथवा किसी अन्य अनधिकृत नंबर से कलेक्टर के नाम, फोटो या पद का उपयोग करते हुए कोई WhatsApp संदेश प्राप्त होता है, तो उस पर विश्वास नहीं करें। उन्होंने स्पष्ट किया है कि +639615402077 उनका अधिकृत नंबर नहीं है। इस नंबर से आने वाले किसी भी संदेश, कॉल अथवा पैसों की मांग पर किसी प्रकार की प्रतिक्रिया नहीं दें।
न पैसा भेजें, न बैंक-यूपीआई की जानकारी दें
कटेसरिया के अनुसार फर्जी पहचान के जरिए भेजे जा रहे इन संदेशों को लेकर पैसों की मांग अथवा अन्य प्रकार की साइबर धोखाधड़ी किए जाने की आशंका है। ऐसे में नागरिकों के साथ-साथ जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। फर्जी संदेशों के जरिए यदि किसी व्यक्ति से पैसे मांगे जाते हैं तो किसी भी स्थिति में राशि का भुगतान नहीं किया जाए। बैंक खाता, UPI अथवा किसी अन्य माध्यम से कोई लेन-देन नहीं करें।
साथ ही अनजान नंबर से प्राप्त संदेशों के जवाब में अपनी कोई भी संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करें। प्रशासन ने विशेष रूप से व्यक्तिगत जानकारी, बैंक संबंधी जानकारी, OTP और पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी है।
View this post on Instagram
वरिष्ठ अधिकारी की पहचान का सहारा लेकर भरोसा जीतते हैं साइबर ठग
कलेक्टर कटेसरिया ने कहा कि साइबर अपराधी अक्सर वरिष्ठ अधिकारियों एवं अन्य प्रतिष्ठित व्यक्तियों के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास करते हैं। परिचित नाम और सरकारी पद देखकर लोग कई बार संदेश को वास्तविक मान लेते हैं और ठगी का शिकार हो सकते हैं।
इसलिए किसी भी अनजान अथवा अनधिकृत नंबर से प्राप्त संदेश की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि किए बिना कोई व्यक्तिगत जानकारी, बैंक संबंधी जानकारी, OTP, पासवर्ड या राशि साझा नहीं करें।
हाईअलर्ट : एक संदेश भी पड़ सकता है भारी
कलेक्टर के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर भेजे जा रहे इन संदेशों को लेकर नागरिकों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। सिर्फ प्रोफाइल फोटो और नाम देखकर WhatsApp अकाउंट को वास्तविक न मानें। किसी भी आर्थिक मांग या महत्वपूर्ण निर्देश की पहले अधिकृत माध्यम से पुष्टि करें।





