भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर हमले से कांग्रेस में आक्रोश, प्रदर्शन कर असम सरकार बर्खास्त करने की मांग की

भारत जोड़ो यात्रा पर असम में हुए प्रदर्शन के विरोध में कांग्रेस ने प्रदर्शन कर राष्ट्रपति से वहां की सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।

Jan 23, 2024 - 17:41
 0
भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर हमले से कांग्रेस में आक्रोश, प्रदर्शन कर असम सरकार बर्खास्त करने की मांग की
राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार आशीष उपाध्याय को सौंपते कांग्रेस पदाधिकारी।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में निकली भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर असम में हुए हमले से कांग्रेस में आक्रोश है। शहर एवं जिला कांग्रेस ने स्थानीय कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में असम सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।

राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार आशीष उपाध्याय को सौंपा गया। इसमें कांग्रेस ने बताया कि 14 जनवरी से राहुल गांधी के नेतृत्व में मणिपुर से भारत जोड़ो यात्रा प्रारंभ हुई। मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल में सफल रहने के बाद यात्रा ने असम में प्रवेश किया। यहां असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा के इशारे पर यात्रा को बाधित करने के उद्देश्य से सुनियोजित तरीके से हमला कर तोड़फोड़ की गई। यह निंदनीय कृत्य है।

कांग्रेस ने मांग की है कि अराजक एवं भ्रष्ट असम सरकार को तत्काल बर्खास्त किया जाए। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं होता है तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। ज्ञापन का वाचन शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेंद्र कटारिया ने किया।

ये नेता उपस्थित रहे

इस अवसर पर पारस सकलेचा दादा, कैलाश पटेल, रजनीकांत व्यास, सतीश पुरोहित, राजनाथ यादव, सुजीत उपाध्याय, वरिष्ठ पार्षद वहीद शैरानी, जोएब आरिफ, सैयद वुसत जैदी, नीलेश शर्मा, रमेश शर्मा, राजेश प्रजापत, शाकिर खान, फखरुद्दीन मंसूरी, यूसुफ शाह, उदित मूणत, हिना शेख, इक्का बैलूत, जितेंद्र ललवानी, आदि मौजूद रहे। आभार प्रदर्शन जिला ग्रामीण अध्यक्ष कैलाश पटेल ने किया।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।