हथियार छीनकर भाग रहा था सटोरिये की दुकान पर फायरिंग करने वाला गुंडा अकबर, पुलिस ने पैर में मार दी गोली, सब इंस्पेक्ट व आरक्षक भी घायल

शहर के भाटों का वास में गोली चलाने वाले आरोपी गुंडे अकबर घोसी ने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस को फायरिंग करना पड़ी जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है

Jan 24, 2022 - 23:29
Jan 25, 2022 - 00:06
 0

रतलाम पुलिस ने राजस्थान के प्रतापगढ़ से किया था गिरफ्तार, रास्ते में टॉयलेट का बहाना बनाया और पुलिस का हथियार छीनकर भागने लगा

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर के भाटों का वास में एक सटोरिये की दुकान पर गोलियां दागने वाले आरोपी गुंडे अकबर घोसी को पुलिस ने राजस्थान के प्रतापगढ़ से पकड़ लिया। रतलाम लाने के दौरान गुंडे ने पुलिस का हथियार छीनकर भागने का प्रयास किया। तभी पुलिसकर्मियों ने उसके पैर में गोली मार दी। घायल आरोपी को पहले जावरा के सिविल अस्पताल और उसके बाद जिला अस्पताल रैफर किया गया। पुलिस अकबर व उसके दोनों साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। तीनों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित था।  

एसपी गौरव तिवारी ने बताया 21 जनवरी को थाना माणकचौक क्षेत्र में एक प्रकरण दर्ज हुआ है। इसमें तीन आरोपी भाटों का वास इलाके में फायरिंग कर फरार हो गए थे। इसमें अकबर घोषी मुख्य आरोपी है जिसने गोली चली थी। पुलिस अकबर व उसके दो साथियों की तलाश कर रही थी। तीनों पर ही 10-10 हजार रुपए का ईनाम घोषित था। सोमवार को पुलिस ने प्रतापगढ़ से आरोपी अकबर सहित तीनों गुंडों को राउंडअप किया। पूछताछ में अकबर ने पुलिस को बताया कि वारदात में प्रयुक्त हथियार व वाहन उसने नागदा में छिपा रखा है।

150

500
200

आरोपी गुंडे अकबर द्वारा आरक्षक दिलीप से छीनी गई उसकी इनसास जो पुलिस द्वारा फायरिंग किए जाने पर पैर में गोली लगने के बाद आरोपी से छूटकर जमीन पर गिर पड़ी।

एसपी के अऩुसार प्रारंभिक पूछताछ के बाद दो टीमें बनाई गईं। एक टीम अकबर को लेकर वाहन और हथियार जब्त करने के लिए नागदा रवाना हुई। दूसरी टीम अन्य दो आरोपियों को लेकर रवाना हुई। शाम को पिपलौदा-जावरा के बीच आरोपी अकबर ने टॉयलेट का बहाना बनाकर वाहन रुकवाया। उसमें इंस्पेक्टर शिवमंगल सिंह सेंगर, सब इंस्पेक्टर अनुराग यादव और आरक्षक दिलीप टॉयलट कराने के लिए उतरे। इसी दौरान अकबर ने अपना हाथ छुड़ा लिया और आरक्षक दिलीप की आंखों में धूल झोंककर उसकी शासकीय राइफल (इंसास) लूटकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे चेतावनी दी लेकिन वह नहीं माना तो पुलिस फोर्स ने फायरिंग कर दी। एक गोली आरोपी के दाएं पैर में घुटने के नीचे लगी है। आरोपी को इलाज के जावरा अस्पताल लाया गया। आरोपी के भागने और पुलिस फोर्स द्वारा फायरिंग किए जाने के दौरान आरक्षक दिलीप और सब इंस्पेक्टर अनुराग यादव को भी थोड़ी चोट आई। तीनों का इलाज चल रहा है। जावरा में उपचार के बाद आरोपी को जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया था।

हत्या व हत्या के प्रयास सहित 8 प्रकरण दर्ज हैं अकबर के विरुद्ध

एसपी तिवारी ने बताया अकबर घोसी के विरुद्ध कुल 8 मामले दर्ज हैं। इऩमें हत्या, हत्या के प्रयास, अवैध शराब, बलवा और हफ्ता वसूली जैसे आपराधों को लेकर धारा 307, 327, 294, 427, 506, 34 भादवि एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के केस शामिल हैं। उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें पुलिस की दूसरी टीम ने पकड़ा। 

रंगदारी नहीं मिलने पर चलाई थी गोली

बता दें कि आरोपी अकबर ने अपने दो साथियों के साथ भाटों का वास क्षेत्र में सोहनलाल खन्नीवाल से सट्टा चलान के लिए रंगदारी मांगी थी। नहीं मिलने पर उसने पहले सोहनलाल को धमकाया और उसके बाद उसकी दुकान पर फायरिंग कर फरार हो गए थे। इसके बाद से प्रशासन और पुलिस द्वारा गुडों, ब्याजखोरों और सटोरियों के साथ अन्य आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के विरुद्ध संयुक्त अभियान चला रही है। वारदात के बाद ही देर शाम शुरू हुई कार्रवाई में अब तक 17 से अधिक अवैध निर्माणों पर प्रशासन का बुल्डोजर चल चुका है।

अकबर को देर रात जेल वार्ड में किया शिफ्ट

रतलाम जिला अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने आोरपी अकबर का उपचार कर उसे जेल वार्ड में शिफ्ट किया। यहां सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए गए हैं ताकि वह यहां से भी चकमा देकर फरार न हो सके।  

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।