खेल चेतना मेला कल से, रैली एवं शुभारंभ समारोह 10 जनवरी को, 12 तक चलेगा खेलों का महाकुंभ

क्रीड़ा भारती एवं चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा 24वां खेल चेतना मेला 9 से आयोजित किया जाएगा। स्पर्धाएं 12 जनवरी तक चलेंगी।

Jan 8, 2024 - 09:31
 0
खेल चेतना मेला कल से, रैली एवं शुभारंभ समारोह 10 जनवरी को, 12 तक चलेगा खेलों का महाकुंभ
खेल चेतना मेले को लेकर चर्चा करते आयोजन समिति के सदस्य।

- 9 जनवरी से सभी खेल मैदानों पर शुरू हो जाएगी विभिन्न खेल स्पर्धाएं

- 9 से 12 जनवरी तक आयोजित होगा खेल मेला 

एसीएन टाइम्स @ रतलाम क्रीड़ा भारती एवं चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा आयोजित 24वां खेल चेतना मेला 9 से 12 जनवरी तक होगा। सभी खेल मैदानों पर 9 जनवरी से विभिन्न खेल स्पर्धाएं होंगी। इस बार खेल चेतना मेला रैली एवं इसका भव्य शुभारंभ समारोह 10 जनवरी को सुबह 10 बजे नेहरू स्टेडियम में होगा।

खेल चेतना मेला आयोजन समिति के सचिव मुकेश जैन ने बताया कि 10 जनवरी को सुबह 9.30 बजे शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय से खेल चेतना रैली निकलेगी। यह शहर के प्रमुख मार्गों से होकर नेहरू स्टेडियम पहुंचेगी, जहां मार्च पास्ट के साथ इसका शुभारंभ होगा। इसकी तैयारियों के आयोजन समिति ने अंतिम रूप दे दिया है। खेल मैदानों पर बिजली, पानी, खेल सामग्री सहित अन्य व्यवस्था भी पूरी हो चुकी हैं। कुछ मैदानों पर खेल प्रशिक्षकों के द्वारा प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें स्कूली बच्चों द्वारा बढ़-चढ़कर सहभागिता की जा रही है। स्पर्धा के संबंध में स्कूलों से खेल एवं खिलाड़ियों की एंट्री भी प्राप्त हो चुकी है। 

क्रीड़ा भारती एवं चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा आयोजित होने वाले खेल चेतना मेला में शहर के सभी विद्यालयों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। खेल मेले में इस बार भी 18 खेलों में 7 हजार से अधिक बच्चों की सहभागिता होगी। आयोजन समिति ने समस्त अभिभावकों, स्कूल संचालक व प्राचार्यों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए उन्हें खेल स्पर्धाओं में शामिल होने के लिए प्रेरित कर मैदान तक लाए।

इन स्थानों पर होंगी स्पर्धाएं

शहर के नेहरू स्टेडियम में क्रिकेट, कबड्डी, कुश्ती, खो-खो, टेबल टेनिस, शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में एथलेटिक्स एवं हॉकी, काश्यप सभागृह सागोद रोड में बेडमिंटन, संत कंवरराम नगर क्रीड़ा केंद्र में योग, मलखंब, स्केटिंग, रेलवे ग्राउंड में फुटबॉल स्पर्धा होगी। रेलवे ऑफिसर क्लब डीआरएम ऑफिस में तैराकी, सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट में बॉस्केटबॉल एवं व्हालीबॉल, विधि महाविद्यालय में शरीर सौष्ठव, शतरंज, सेठिया ग्राफिक्स स्टेशन रोड पर शूटिंग स्पर्धा का आयोजन होगा।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।