रतलाम में पहली बार ! आनंद गिरि जी महाराज का महामंडलेश्वर पट्टाभिषेक कल, संतों की विराट पेशवाई बनेगी आकर्षण का केंद्र

रतलाम में 17 जून को पहली बार श्री पंचायती श्री निरंजनी अखाड़ा के तत्वावधान में महामंडलेश्वर पट्टाभिषेक महोत्सव आयोजित होगा। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष स्वामी रवींद्र पुरी महाराज की अध्यक्षता में महंत श्री श्री 1008 आनंद गिरी महाराज का पट्टाभिषेक किया जाएगा। संतों की भव्य पेशवाई भी निकलेगी।

रतलाम में पहली बार ! आनंद गिरि जी महाराज का  महामंडलेश्वर पट्टाभिषेक कल, संतों की विराट पेशवाई बनेगी आकर्षण का केंद्र
रतलाम में 17 जून को होगा महामंडलेश्वर पट्टाभिषेक महोत्सव।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष स्वामी रवींद्र पुरी महाराज की अध्यक्षता में होगा आयोजन

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से रतलाम नगर के लिए बुधवार, 17 जून का दिन ऐतिहासिक बनने जा रहा है। नगर में पहली बार श्री पंचायती श्री निरंजनी अखाड़ा के तत्वावधान में किसी संत का महामंडलेश्वर पद पर पट्टाभिषेक आयोजित किया जा रहा है। सैलाना के ग्राम आडवाणिया स्थित आश्रम के महंत श्री श्री 1008 आनंद गिरी महाराज का वैदिक विधि-विधान के साथ महामंडलेश्वर पद पर अभिषेक किया जाएगा। इस अवसर पर देशभर से बड़ी संख्या में संत-महात्माओं का आगमन होगा तथा भव्य संत पेशवाई भी निकाली जाएगी।

आयोजन की अध्यक्षता अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं 13 अखाड़ों के अध्यक्ष 1008 महंत स्वामी रवींद्र पुरी महाराज करेंगे। कार्यक्रम में संत समाज के अनेक प्रतिष्ठित धर्माचार्य, महामंडलेश्वर एवं महंत शामिल होकर नव नियुक्त महामंडलेश्वर को आशीर्वाद प्रदान करेंगे। महामंडलेश्वर पट्टाभिषेक महोत्सव के पूर्व बुधवार सुबह 9:30 बजे नगर के श्री राम मंदिर से संतों की भव्य पेशवाई (शोभायात्रा) निकाली जाएगी। पेशवाई नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सैलाना रोड स्थित श्रीजी पैलेस पहुंचेगी। शोभायात्रा में संतों के दिव्य रथ, आकर्षक झांकियां, सुसज्जित वाहन तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।

ये भी पढ़ें

इसके पश्चात सुबह 11:30 बजे श्रीजी पैलेस में महामंडलेश्वर पट्टाभिषेक समारोह एवं धर्मसभा का आयोजन होगा, जिसमें संत-महात्मा धर्म, संस्कृति और सनातन परंपरा पर अपने विचार रखेंगे।

देश के प्रमुख संत-महात्माओं का होगा सान्निध्य

पट्टाभिषेक महोत्सव में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष 1008 महंत रवींद्र पुरी महाराज, निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज, आनंद अखाड़ा पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरी महाराज, महामंडलेश्वर वैराग्यानंद गिरी महाराज, पंचायती श्री निरंजन अखाड़ा के सचिव महंत रामरतन गिरी महाराज, महामंडलेश्वर शांति स्वरूपानंद महाराज (चार धाम आश्रम, उज्जैन) सहित अनेक संत-महात्मा शामिल होंगे।

वैदिक परंपरा के अनुसार होगा पट्टाभिषेक

शिवोदय शिवशक्ति साधना सेवा संस्था, केदारेश्वर रोड, पंचमुखी हनुमान मंदिर एवं आडवाणिया आश्रम, सैलाना के अध्यक्ष युवराज सिंह परिहार ने बताया कि संतों के पावन सान्निध्य में महंत श्री श्री 1008 आनंद गिरी जी महाराज का महामंडलेश्वर पद पर वैदिक रीति-रिवाजों के साथ पट्टाभिषेक किया जाएगा। इसके साथ ही धर्मसभा का आयोजन भी होगा, जिसमें श्रद्धालुओं को संतों का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

उन्होंने बताया कि रतलाम में पहली बार इस स्तर का पट्टाभिषेक महोत्सव आयोजित किया जा रहा है, जिससे धर्मप्रेमी नागरिकों में विशेष उत्साह है।

धर्मप्रेमी जनता से शामिल होने का आह्वान

संस्था के सचिव महर्षि संजय शिवशंकर दवे, महामंत्री काजल गुरु (जागीरदार), संजय दवे, समरथ पाटीदार सहित आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने धर्मप्रेमी जनता से अपील की है कि वे रतलाम में पहली बार आयोजित हो रहे इस ऐतिहासिक महामंडलेश्वर पट्टाभिषेक महोत्सव एवं संतों की भव्य पेशवाई में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करें।

ये भी पढ़ें