SPअमित कुमार की दो-टूक : लंबित प्रकरण लटकाएं नहीं, चोरी के मामलों का जल्द करें खुलासा

रतलाम के थाना ताल के वार्षिक निरीक्षण में एसपी अमित कुमार ने लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण, चोरी के मामलों के शीघ्र खुलासे, आदतन अपराधियों पर सख्त निगरानी और तकनीक आधारित विवेचना के निर्देश दिए।

SPअमित कुमार की दो-टूक : लंबित प्रकरण लटकाएं नहीं, चोरी के मामलों का जल्द करें खुलासा
ताल थाने के निरीक्षण के दौरान एसपी अमित कुमार ने ताल थाना प्रभारी से चर्चा की, मालखाने सहित अन्य व्यवस्थाएं देखी।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । थाना ताल के वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने स्पष्ट संदेश दिया कि अपराधों की विवेचना में लापरवाही और लंबित प्रकरणों में अनावश्यक देरी अब स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अनुसंधान अधिकारियों को समय-सीमा में निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण जांच पूरी करने, चोरी एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों का शीघ्र खुलासा करने, आदतन अपराधियों पर लगातार निगरानी रखने और तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान थाने की कार्यप्रणाली, मालखाने की व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा भी की गई।

निरीक्षण की शुरुआत थाना मालखाने से हुई, जहां पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न प्रकरणों से संबंधित जब्त सामग्री और अभिलेखों का निरीक्षण किया। उन्होंने रिकॉर्ड के रखरखाव, मालखाने की व्यवस्थाओं और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि जब्त सामग्री का व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित किया जा सके। वार्षिक निरीक्षण के दौरान आलोट एसडीओपी पल्लवी गौर, थाना प्रभारी स्वराज डाबी सहित थाना ताल का पुलिस बल मौजूद रहा।

हर लंबित प्रकरण की ली जानकारी

इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने थाना ताल में दर्ज लंबित अपराध, मर्ग और आवेदनों की प्रकरणवार समीक्षा की। उन्होंने अनुसंधानकर्ताओं से प्रत्येक मामले की प्रगति की जानकारी लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि विवेचना में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और उपलब्ध साक्ष्यों के साथ तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर जांच को मजबूत बनाया जाए।

ये भी पढ़ें

बैठक में तय की अपराध नियंत्रण की रणनीति

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना ताल में पदस्थ अनुसंधानकर्ता अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक भी ली। बैठक में क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराधों की वर्तमान स्थिति और पुलिसिंग की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराध होने के बाद कार्रवाई तक सीमित रहने के बजाय अपराधों की रोकथाम पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही घटित अपराधों की शीघ्र पतारसी और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों में मुखबिर तंत्र को अधिक सक्रिय रखने तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने पर जोर दिया।

चोरी के मामलों में त्वरित खुलासे पर जोर

एसपी ने थाना क्षेत्र में चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेते हुए ऐसे मामलों में आरोपियों की शीघ्र पहचान, गिरफ्तारी और चोरी गए मशरूके की बरामदगी के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्व में दर्ज लंबित संपत्ति संबंधी मामलों की भी समीक्षा कर जल्द खुलासा करने और फरार आरोपियों की पतारसी तेज करने को कहा।

आदतन अपराधियों पर रहेगी कड़ी नजर

बैठक में अमित कुमार ने क्षेत्र में सक्रिय आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा उनके विरुद्ध वैधानिक और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बार-बार अपराधों में संलिप्त रहने वाले व्यक्तियों का अद्यतन रिकॉर्ड रखा जाए और उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।

ये भी पढ़ें

जनता से बेहतर समन्वय पर भी दिया जोर

एसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि प्रभावी पुलिसिंग केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर उनकी शिकायतों का त्वरित निराकरण भी प्राथमिकता में रखा जाए। उन्होंने नागरिकों की सुरक्षा और विश्वास को पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी बताते हुए संवेदनशील और जवाबदेह कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए।