बहुत खूब ! रात में कॉलोनी के बाहर छिपकर बैठे थे दो चोर, पुलिस को देखकर भागे लेकिन पकड़े गए, 1 आरोपी के विरुद्ध दर्ज हैं 31 केस, हथियार और नकबजनी के औजार जब्त

रतलाम की माणकचौक पुलिस ने चोरी और नकबजनी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से धारदार चाकू और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद हुए हैं।

May 20, 2026 - 21:43
May 20, 2026 - 22:14
 0
बहुत खूब ! रात में कॉलोनी के बाहर छिपकर बैठे थे दो चोर, पुलिस को देखकर भागे लेकिन पकड़े गए, 1 आरोपी के विरुद्ध दर्ज हैं 31 केस, हथियार और नकबजनी के औजार जब्त
माणक चौक पुलिस ने चोरी की नीयत से छिप कर बैठे दो चोरों को दबोचा।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम। जिले में लगातार बढ़ रही चोरी, नकबजनी और चाकूबाजी की घटनाओं के बीच माणकचौक पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी को अंजाम देने की फिराक में कॉलोनी के बाहर छिपकर बैठे दो बदमाशों को दबोचा है। आरोपियों के कब्जे से धारदार चाकू सहित चोरी और नकबजनी में इस्तेमाल होने वाले कई औजार जब्त किए हैं। एक आरोपी के विरुद्ध चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, अवैध शराब और मारपीट जैसे कुल 31 केस दर्ज हैं।

रतलाम जिले में लगातार हो रही चोरी, नकबजनी और चाकूबाजी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी अमित कुमार (भा.पु.से.) द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चैकिंग के निर्देश दिए हैं। इसी अभियान के तहत एएसपी विवेक कुमार लाल एवं डीएसपी (महिला सेल) अजय सारवान के मार्गदर्शन में थाना माणकचौक पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

माणकचौक थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान ने चोरी और चाकूबाजी की घटनाओं की रोकथाम के टीम गठित की। रात्रि गश्त और सर्कल भ्रमण के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि करमदी रोड स्थित शत्रुंजय कॉलोनी गेट के पास दो संदिग्ध व्यक्ति छिपकर बैठे हैं, वे किसी वारदात की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन पुलिस की सतर्कता और तत्परता से उन्हें पकड़ लिया गया।

तलाशी में मिले चोरी के औजार और हथियार

पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से चोरी और नकबजनी में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त हुई। इसमें एक खटकेदार धारदार चाकू, एक लाल रंग का प्लायर, एक हरे रंग का पेचकस, डेढ़ फीट लंबी लोहे की रॉड, एक आरी कटर, तीन टॉर्च, एक आरी पत्ता शामिल है। पुलिस के अनुसार आरोपी बड़ी चोरी या नकबजनी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।

ये हुए गिरफ्तार

कार्रवाई में अमरसिंह उर्फ अमरिया पिता गब्बा मईड़ा (55) निवासी ग्राम पिटगारा, थाना बदनावर, जिला धार तथा नाना उर्फ राजेश उर्फ नंदू पिता नागूलाल चौहान (25) वर्ष निवासी जी सेक्टर, दीनदयाल नगर को गिरफ्तार किया है। इनके विरुद्ध माणकचौक थाने पर अपराध क्रमांक 241/2026 धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे किन-किन वारदातों में शामिल रहे हैं और उनका अन्य बदमाशों से कोई नेटवर्क जुड़ा है या नहीं।

ये भी पढ़ें

31 के दर्ज हैं इस आरोपी पर

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अमरसिंह उर्फ अमरिया का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, अवैध शराब बेचने तथा मारपीट से जुड़े कुल 31 प्रकरण पूर्व से दर्ज हैं। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हाल के दिनों में जिले में हुई अन्य वारदातों में शामिल थे या नहीं।

इनकी भूमिका रही धरपकड़ में

पूरी कार्रवाई में थाना माणकचौक पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई में शामिल अधिकारी-कर्मचारी थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान, उपनिरीक्षक राकेश मेहरा, आरक्षक अविनाश मिश्रा, हेमंत यादव, जीवन विश्वकर्मा, गोविंद गेहलोद और किशन राठौर की सराहनीय भूमिका रही।

ये भी पढ़ें

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।