गणेश उत्सव की तैयारी ! नित्य चिंताहरण गणपति मंदिर में 12 दिवसीय उत्सव 14 सितंबर से, गणेश चतुर्थी पर चढ़ेगा सोने के वर्क का चोला

रतलाम के नित्य चिंताहरण गणपति मंदिर में 14 सितंबर से 12 दिवसीय गणेश उत्सव होगा। गणेश चतुर्थी पर स्वर्ण वर्क का चोला, 11 हजार लड्डुओं का भोग और प्रतिदिन 3 हजार श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की व्यवस्था रहेगी।

गणेश उत्सव की तैयारी ! नित्य चिंताहरण गणपति मंदिर में 12 दिवसीय उत्सव 14 सितंबर से, गणेश चतुर्थी पर चढ़ेगा सोने के वर्क का चोला
श्री नित्य चिंताहरण गणेश मंदिर के दानपात्र से निकली दानराशि का गिनती करते मंदिर ट्रस्ट समिति के पदाधिकारी व सदस्य।

11 हजार लड्डुओं का लगेगा भोग, प्रतिदिन 3 हजार श्रद्धालुओं को प्रसादी; मिट्टी की गणेश प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर के प्राचीन एवं चमत्कारिक श्री नित्य चिंताहरण गणपति मंदिर, पैलेस रोड पर इस बार गणेश उत्सव को भव्य एवं विराट स्वरूप में मनाने की तैयारी की जा रही है। 14 सितंबर 2026 से शुरू होने वाला उत्सव इस वर्ष 10 दिनों के बजाय 12 दिनों तक चलेगा। इस दौरान मंदिर परिसर में आकर्षक लाइटिंग, भव्य फ्लावर डेकोरेशन सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन होंगे।

आयोजन की तैयारियों और रूपरेखा को लेकर मंदिर परिसर में बैठक आयोजित की गई। मंदिर ट्रस्ट समिति के अनुसार गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान श्री गणपति को स्वर्ण वर्क का चोला चढ़ाया जाएगा और 11 हजार लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा। मंदिर समिति द्वारा पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इस बार मंदिर में पीओपी की प्रतिमा के स्थान पर मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यह पहल मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के आह्वान के अनुरूप की जा रही है।

हर दिन विशेष आरती, 3 हजार भक्तों के लिए प्रसादी

गणेश उत्सव के दौरान प्रतिदिन रात 8 बजे विशेष आरती आयोजित होगी। भक्तों के सहयोग से प्रसादी के लिए सामग्री एकत्रित की जाएगी। प्रतिदिन करीब 3 हजार श्रद्धालुओं के लिए मिठाई और नमकीन तैयार करवाकर भगवान को भोग लगाया जाएगा। इसके बाद प्रसादी श्रद्धालुओं में वितरित की जाएगी।

दानपात्र से मिले 2.83 लाख रुपए

बैठक के दौरान मंदिर का दानपात्र खोला गया और उसमें प्राप्त राशि की गणना की गई। इसमें 500 रुपए के 139, 200 रुपए के 76, 100 रुपए के 572 नोट, 50 रुपए के 792, 20 रुपए के 2,158 और 10 रुपए के 2,162 नोट मिले। इसके अलावा 41,100 रुपए के सिक्के भी प्राप्त हुए। इस तरह दानपात्र से कुल 2 लाख 83 हजार 600 रुपए प्राप्त हुए। दानपात्र में एक अमेरिकी डॉलर और एक चीनी मुद्रा का सिक्का भी मिला।

दानपात्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं द्वारा लिखी गई चिट्ठियां भी मिलीं। इनमें भक्तों ने अपनी व्यक्तिगत समस्याओं का उल्लेख करते हुए भगवान श्री गणपति से उनके निराकरण और मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की है।

ये भी पढ़ें

बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और श्रद्धालु शामिल

बैठक में पार्षद धर्मेन्द्र रांका, एल्डरमैन गोपाल शर्मा, नवयुवक मंडल अध्यक्ष अमित सिंह देवड़ा, रत्ना पाल, सारिका व्यास, पं. अमित रावल, पंकज भाटी, भूपेंद्र खंडेलवाल, राहुल शर्मा, नरेंद्र सिंह चौहान, मंगल सिंह पंवार, संजय पेमाल, एडवोकेट चंद्रप्रकाश मालवीय, उमाकांत उपाध्याय, हेमा निरंजनी, राजश्री राठौर, संगीता कपूर, सरोज कपूर, रीना टांक, सपना दुबे, हितेश गादिया, मनीष सोलंकी, महेश सोलंकी, महेंद्र भरकुंदिया, डॉ. गोविंद चौहान, जगदीश शर्मा, राकेश शर्मा, दिलीप शर्मा और संदीप कोटिया सहित बड़ी संख्या में भक्तजन मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें