...सफर हो सुहाना ! रेलवे ने इस वर्ष अब तक अनारक्षित यात्रियों के लिए ट्रेनों में 1914 जनरल कोच जोड़े, 72 लाख यात्रियों की यात्रा होगी आसान

रेलवे ने ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को सुविधा मुहैया कराने को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई है। रेलवे द्वारा इस वित्तीय वर्ष में 1900 से अधिक सामान्य श्रेणी के कोच जोड़ कर 72 लाख यात्रियों की सफर आसान बनाने का प्रयास किया है।

Dec 11, 2024 - 21:09
Dec 11, 2024 - 22:37
 0
...सफर हो सुहाना ! रेलवे ने इस वर्ष अब तक अनारक्षित यात्रियों के लिए ट्रेनों में 1914 जनरल कोच जोड़े, 72 लाख यात्रियों की यात्रा होगी आसान
रेलवे ने इस वर्ष अनारक्षित यात्रियों के लिए ट्रेनों में 1900 से अधिक सामान्य कोच जोड़े।

एसीएन टाइम्स @ मुंबई । आर्थिक रूप से कमजोर और अनराक्षित टिकट पर यात्रा करने वालों का सफर आसान बनाने के लिए रेलवे द्वारा ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ने का सिलसिला जारी है। रेलवे द्वारा चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 1900 से अधिक अतिरिक्त सामान्य कोच विभिन्न ट्रेनों में जोड़े जा चुके हैं। इससे तकरीबन 72 लाख यात्री लाभान्वित होंगे।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार रेलवे द्वारा नॉन-एसी कोच के लिए 2:3 और एसी कोच के लिए 1:3 का अनुपात बनाए रखते हुए आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों और अन्य लोगों के लिए सुविधाओं के विस्तार पर सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। सामान्य कोच की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए एक स्‍पेशल मैन्‍यूफैक्‍चरिंग प्रोग्राम शुरू किया गया है। इस वित्तीय वर्ष में 1914 कोच पहले ही जोड़े जा चुके हैं। इनमें 384 ईएमयू कोच और 185 मेमू कोच हैं। ये अनारक्षित श्रेणी के यात्रियों के लिए सुविधा सुनिश्चित करते हैं। इससे लगभग 72 लाख यात्री लाभान्वित होंगे। 

परे ने 6 माह में 78 ट्रेनों में जोड़े 150 अतिरिक्त कोच

मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने बताया रेल यात्रा के प्रति आम जनता की लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए देशभर के सभी रेल जोन और मंडलों में अतिरिक्त सामान्‍य डिब्‍बे बढ़ाने की प्रक्रिया चल रही है। इसी क्रम में पश्चिम रेलवे द्वारा पिछले छह महीन (जुलाई से दिसंबर तक) 78 जोड़ी ट्रेनों में सामान्‍य श्रेणी (GS) के लगभग 150 नए अतिरिक्त डिब्‍बे जोड़े गए। इससे प्रतिदिन हजारों अतिरिक्त यात्री लाभान्वित हो रहे हैं।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।