रतलाम : बरबड़ हनुमान मेला 29 मार्च से 2 अप्रैल तक, 31 को संयुक्त अखाड़े के साथ निकलेंगी झांकियां, महापौर ने तैयारियों की समीक्षा की

रतलाम में होने वाले बरबड़ हनुमान मंदिर में होने वाले मेले की तैयारियों की समीक्षा के लिए महापौर प्रहलाद पटेल ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक ली।

Mar 27, 2026 - 15:13
 0
रतलाम : बरबड़ हनुमान मेला 29 मार्च से 2 अप्रैल तक, 31 को संयुक्त अखाड़े के साथ निकलेंगी झांकियां, महापौर ने तैयारियों की समीक्षा की
बैठक को संबोधित करते हुए महापौर प्रहलाद पटेल।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । नगर निगम द्वारा प्रसिद्ध चमत्कारी बरबड़ हनुमान मंदिर पर 29 मार्च से 2 अप्रैल तक मेला आयोजित किया जाएगा। 31 मार्च को संयुक्त अखाड़े के साथ झांकियां भी निकलेंगी। आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए महापौर प्रहलाद पटेल ने बैठक ली।

Google NewsFollow Us

बैठक में मेले की रूपरेखा, व्यवस्थाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी सभी पार्षदों के साथ साझा की गई। मेले का शुभारंभ 29 मार्च को शाम 5.00 बजे होगा। मुख्य अतिथि सूक्ष्म, लघु एवं माध्यम उद्यम, मंत्री एवं रतलाम शहर विधायक चेतन्य काश्यप होंगे। अध्यक्षता महापौर प्रहलाद पटेल करेंगे। विशेष अतिथि पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी व भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय होंगे। महापौर पटेल ने बैठक में कहा कि बड़बड़ हनुमान मेला शहर की आस्था और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने सभी पार्षदों को अपने-अपने वार्डों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने एवं मेले को भव्य बनाने हेतु सक्रिय प्रयास करने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें

अखाड़ों के पहलवान करेंगे शस्त्र कला का प्रदर्शन

महापौर ने बताया कि इस वर्ष नगर निगम परिषद द्वारा मेले में नवाचार किया जा रहा है। इसके तहत 31 मार्च (मंगलवार) को राम मंदिर से बरबड़ हनुमान मंदिर तक हनुमानजी की भव्य झांकी, चल समारोह एवं संयुक्त अखाड़ा निकाला जाएगा। इस आयोजन में शहर के विभिन्न अखाड़ों के पहलवान एक ही बैनर के अंतर्गत शस्त्र कला का प्रदर्शन करेंगे, जिसमें बैण्ड-बाजे एवं ढोल की आकर्षक प्रस्तुति भी शामिल रहेगी।

ये भी पढ़ें

दो दिवसीय चंटिया रास होगा

महापौर पटेल ने कहा कि इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए नगर के विभिन्न समाजों से अधिकाधिक सहभागिता अपेक्षित है। इस अवसर पर उपस्थित समाजजनों ने भी झांकी, चल समारोह, संयुक्त अखाड़ा एवं दो दिवसीय चंटिया रास कार्यक्रम की सराहना करते हुए आयोजन में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। मेले के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा तथा उत्कृष्ट सहभागिता के लिए पुरस्कार वितरण भी किया जाएगा। समापन मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए की गई। नगर निगम द्वारा सभी व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं तथा आयोजन को भव्य रूप देने हेतु व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें

कब – क्या होगा

  • 29 मार्च : शाम 7.00 बजे सुंदरकांड के साथ मेले का शुभारंभ और चंटिया रास।
  • 30 मार्च : शाम 7.00 बजे चंटिया रास।
  • 31 मार्च : शाम 7.00 बजे राम मंदिर से हनुमान जी की झांकी व संयुक्त अखाड़े के साथ चल समारोह एवं 7.30 बजे से श्री रामजी व हनुमानजी पर आधारित भक्ति संध्या।
  • 1 अप्रैल : शाम 7.30 बजे स्टैंडअप कॉमेडियन शो और लाइव ऑर्केस्ट्रा।
  • 2 अप्रैल : शाम 7.30 बजे कवि सम्मेलन।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, एमआईसी सदस्य भगत सिंह भदौरिया, राजू सोनी, पार्षद रणजीत टांक, धर्मेंद्र रांका, बलराम भट्ट, प्रीति कसेरा तथा पार्षद प्रतिनिधि रमेशचंद्र पांचाल, शेरू पठान एवं राजेंद्र चौहान भी मौजूद थे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।