जिला अस्पताल में ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. दिनेश भूरिया पर हमला, बच्ची के हाथ की हड्डी टूटने का कारण पूछने पर भड़के परिजन

रतलाम जिला चिकित्सालय में बच्ची के इलाज को लेकर हुए विवाद के बाद ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. दिनेश भूरिया के साथ मारपीट का मामला सामने आया। घटना के विरोध में डॉक्टर थाने पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जिला अस्पताल में ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. दिनेश भूरिया पर हमला, बच्ची के हाथ की हड्डी टूटने का कारण पूछने पर भड़के परिजन
जिला अस्पताल में मरीज के परिजन ने ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. दिनेश भूरिया से की मारपीट।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिला चिकित्सालय में शुक्रवार सुबह मरीज के उपचार को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया। बच्ची का इलाज कराने आए एक परिजन ने ड्यूटी पर तैनात ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. दिनेश भूरिया पर हमला कर दिया। घटना में डॉक्टर के नाक और गाल पर चोटें आईं। चिकित्सक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह जिला चिकित्सालय में हड्डी रोग विशेषज्ञ (ऑर्थोपेडिक सर्जन) डॉ. दिनेश भूरिया ओपीडी में मरीजों का परीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान चिंगीपुरा निवासी आसिफ पिता रशीद कुरैशी अपनी छोटी बेटी को उपचार के लिए लेकर अस्पताल पहुंचा। परिजन ने डॉक्टर को बताया कि कपड़े बदलते समय बच्ची की हड्डी में क्रैक आ गया है।

प्राथमिक परीक्षण के दौरान डॉ. भूरिया ने बच्ची के हाथ में सूजन होने की बात कही। उन्होंने कहा कि परिजन द्वारा बताई गई परिस्थितियों में सामान्यतः हड्डी टूटने की संभावना कम प्रतीत होती है। यह सुनते ही आसिफ भड़क गया और बहस करने लगा। इतना ही नहीं उसने डॉ. भूरिया के साथ मारपीट तक कर दी। हमले में डॉ. भूरिया की नाक और गाल पर चोटें आईं।

ये भी पढ़ें

घटना के विरोध में चिकित्सक लामबंद, थाने पहुंचे

घटना की जानकारी मिलते ही जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में चिकित्सक स्टेशन रोड थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने एवं मारपीट करने की शिकायत दर्ज कराई।

स्टेशन रोड थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी आसिफ पिता रशीद कुरैशी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा घटनाक्रम से जुड़े सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें