रतलाम में उत्पात ! कमीशन और मुफ्त की शराब के लिए बदमाशों ने कुल्हाड़ी से किया हमला, सेल्समैन को धमकाया, बोतलें भी फोड़ दीं, देखें वीडियो...

रतलाम जिले के रावटी में बदमाशों द्वारा शराब दुकान में तोड़ फोड़ के मामले में पुलिस ने तीन बदमाशों के विरुद्ध केस दर्ज किया है। आरोपियों ने कमीशन और मुफ्त की शराब के लिए सेल्मैन को धमकाया भी।

Feb 13, 2026 - 16:29
Feb 13, 2026 - 17:44
 0
रतलाम में उत्पात ! कमीशन और मुफ्त की शराब के लिए बदमाशों ने कुल्हाड़ी से किया हमला, सेल्समैन को धमकाया, बोतलें भी फोड़ दीं, देखें वीडियो...
रावटी स्थित शराब दुकान में तोड़ फोड़ करता बदमाश।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले के रावटी में बदमाशों ने एक शराब दुकान में घुसकर उत्पात मचाया। कुल्हाड़ी लेकर आए बदमाशों ने कमीशन और मुफ्त की शराब नहीं देने पर पहले सेल्समैन को धमकाया और उसके बाद शराब की बोतलें फोड़ दीं। सेल्मैन की शिकायत पर रावटी पुलिस ने तीन आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार रावटी स्थित देशी-विदेशी कम्पोजिट शराब की दुकान के सेल्समैन विजय जायसवाल ने रावटी थाने पहुंच कर शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि मैं ग्राम अरंगी, जिला चन्दौली, उत्तरप्रदेश का रहने वाला हूँ और देशी-विदेशी कम्पोजिट दुकान रावटी पर सेल्समैन / हेल्पर का काम करता हूँ। उसने बताया कि दिनांक 12.02.2026 को मैं दुकान के अन्दर बैठकर हिसाब-किताब कर रहा था तभी रात करीब 09.30 बजे बद्री डोडियार निवासी मलवासी और अर्जुन गरवाल निवासी हरथल दुकान पर आये। आते ही उन्होंने गाली-गलौच शुरू कर दी। अर्जुन गरवाल ने कहा कि तुम हमें कमीशन की दारू क्यों नहीं देते हो और साथ लाई कुल्हाड़ी से दुकान की रैक पर रखी शराब की बोतले फोड़ने लगा। इस तोड़-फोड़ में करीबन 90 हजार रुपए का नुकसान हुआ है।

बाहर भाग कर बचाई जान

सेल्समैन ने बताया कि आरोपी बद्री डोडियार ने उसे धमकाया और कहा कि अगर तुम लोगों ने हमको कमीशन की दारू और हर हफ्ते दारू पीने के लिए पैसे नहीं दिए तो तुमको जान से खत्म कर देंगे। इससे सेल्समैन ने दुकान के बाहर भाग कर जान बचाई। तभी वहां दुकान पर काम करने वाले हीरामणि पिता संतोष कुमार, निवासी मऊ, जिला चित्रकूट और पास की दुकान पर काम कर रहे धूलिया भी वहां आ गए। दोनों ने ही उक्त घटना देखी।

...तो करते रहेंगे ऐसी ही तोड़-फोड़

सेल्समैन के अनुसार घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बद्री डोडियार और अर्जुन गरवाल, अपने साथी मुन्नालाल मईड़ा तथा एक अन्य साथी के साथ मोटरसाइकिल से भाग गए। जाते-जाते वे बोल रहे थे कि आज के बाद हम लोगों को कमीशन की दारू नहीं दी या पीने के लिए पैसे नहीं दिए तो तुम्हारी दुकान में और तोड़-फोड़ करेंगे। इसके बाद सेल्समैन ने मैनेजर पप्पू तीवारी को मोबाइल पर कॉल कर जानकारी दी। मैनेजर तिवारी के आने पर रिपोर्ट करवाने थाने पहुंचा। रावटी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) – 2023 की धारा 296(a), 351(3), 324(4), 119(1), 3(5) एवं 333 के तहत आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।