भाभी से छेड़छाड़ की रंजिश का खूनी अंत ! 6 महीने बाद युवक की चाकू घोंपकर की हत्या, पुलिस ने 36 घंटे में पकड़ लिया आरोपी
रतलाम के सिंदुरकिया गांव में युवक शहनवाज उर्फ साहिल की हत्या का पुलिस ने 36 घंटे में खुलासा किया। पुलिस के अनुसार आरोपी की कथित भाभी से छेड़छाड़ के पुराने मामले की रंजिश में हत्या हुई। आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले के बड़ावदा थाना क्षेत्र के सिंदुरकिया गांव में युवक की हत्या के पीछे छह महीने पुरानी रंजिश सामने आई है। मृतक के विरुद्ध आरोपी की कथित भाभी से छेड़छाड़ का मामला पहले से दर्ज है, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। युवक गांव में उस घटना का बार-बार जिक्र करता था, जिससे आरोपी रंजिश रखने लगा और चाकू से कई वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने घटना के लगभग 36 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया।
हत्याकांड का खुलासा एसपी अमित कुमार ने पत्रकार वार्ता में किया। उन्होंने बताया की 4 अगस्त 2026 को चौकी हाटपिपलिया पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम सिंदुरकिया स्थित मिडिल स्कूल के पास बापूसिंह की पड़त भूमि पर एक युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान शहनवाज उर्फ साहिल पिता शहजाद शाह, निवासी सिंदुरकिया के रूप में हुई।
घटनास्थल के निरीक्षण में पुलिस को प्रथम दृष्टया धारदार हथियार से हत्या किए जाने के संकेत मिले। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जावरा भेजा गया और हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
ये भी पढ़ें
सीसीटीवी, साइबर इनपुट और मुखबिर तंत्र से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय एवं आलोट एसडीओपी पल्लवी गौर के नेतृत्व में अलग-अलग विशेष जांच टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, साइबर तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाकर स्थानीय लोगों, संभावित गवाहों तथा संदिग्धों से पूछताछ की गई। मुखबिर तंत्र से मिली सूचनाओं और तकनीकी साक्ष्यों के समन्वित विश्लेषण के आधार पर पुलिस संदिग्ध तक पहुंची। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर घटना के लगभग 36 घंटे के भीतर आरोपी ईश्वर उर्फ छोटू पिता रामचन्द्र आद्रा (19), निवासी ग्राम सिंदुरकिया, थाना बड़ावदा, जिला रतलाम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
क्या थी हत्या की वजह?
एसपी ने बताया कि करीब छह महीने पहले शहनवाज उर्फ साहिल पर आरोपी की कथित भाभी से छेड़छाड़ का मामला दर्ज हुआ था, जो फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। जांच में सामने आया कि वह गांव में उस घटना का बार-बार जिक्र करता था। इसी कारण आरोपी के मन में उसके प्रति गहरी नाराजगी थी। 4 अगस्त को दोनों आमने-सामने आए तो पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने चाकू से लगातार कई वार किए, जिससे शहनवाज की मौके पर ही मौत हो गई। मामले की अंतिम पुष्टि न्यायालयीन प्रक्रिया और विवेचना के निष्कर्षों के बाद होगी।
ये भी पढ़ें
इनकी रही सराहनीय भूमिका
हत्या का खुलासा करने वाली टीम में निरीक्षक संतोष चौरसिया, निरीक्षक स्वराज डाबी, निरीक्षक मोहम्मद अयूब खान, निरीक्षक दीपक कुमार मंडलोई, उप निरीक्षक चन्द्रशेखर डीगा, उप निरीक्षक राजेश मालवीय, उप निरीक्षक कुलदीप डाबी, उप निरीक्षक जगदीश कुमावत, सहायक उप निरीक्षक शिवजी यादव, प्रधान आरक्षक शहजाद खान, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र बारिया, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक अभय चौहान, आरक्षक गोपालसिंह, आरक्षक बालूसिंह, आरक्षक रामप्रसाद मीणा, आरक्षक देवेन्द्र, आरक्षक आदिल, आरक्षक पवन परमार, आरक्षक रोशनलाल, प्रधान आरक्षक दिलीप राव, आरक्षक रोहताश जाट, आरक्षक प्रकाश भास्कर, आरक्षक रविन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक बालकृष्ण, प्रधान आरक्षक ललित जगावत, सैनिक संग्राम सिंह तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा एवं आरक्षक विपुल भावसार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ये भी पढ़ें







