सतर्कता ! मध्याह्न भोजन की सभी रसोइयों का होगा वेरिफिकेशन, 7 दिन में पूरी करना होगी जांच, जानिए- प्रशासन ने क्यों उठाया ऐसा कदम

रतलाम जिले में मध्याह्न भोजन बनाने वाली रसोइयों का फिजिकल वेरिफिकेशन होगा। वेरिफिकेशन आधार कार्ड, बैंक खाते की जानकारी सहित अन्य आधारों पर की जाएगी।

Mar 25, 2026 - 21:59
 0
सतर्कता ! मध्याह्न भोजन की सभी रसोइयों का होगा वेरिफिकेशन, 7 दिन में पूरी करना होगी जांच, जानिए- प्रशासन ने क्यों उठाया ऐसा कदम
मध्याह्न भोजन योजना की रसोइया का होगा वेरिफिकेशन।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । मध्याह्न भोजन व्यवस्था को लेकर शासन और प्रशासन अलर्ट मोड पर है। भोजन की गुणवत्ता के साथ ही अब भोजन बनाने वाले रसोइयों की भी मॉनिटरिंग भी शुरू कर दी गई है। एक ही रसोइये का नाम एक से अधिक संस्थाओं में दर्ज न हो और उसे सभी जगह से भुगतान प्राप्त न हो, इसकी जांच भी हो रही है। जांच का जिम्मा संबंधित बीआरसी और बीएसी को सौंपा गया है। इसमें कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन द्वारा मध्याह्न भोजन के जिला नोडल अधिकारी एवं एसीओ निर्देशक शर्मा को ताकीद की गई है।

Google NewsFollow Us

सूत्रों के अनुसार रतलाम सहित प्रदेश में कई जगह मध्याह्न भोजन योजना में लगे रसोइयों का नाम एक से अधिक संस्था में भोजन बनाने के लिए दर्ज है। इन सभी स्थानों के लिए उन्हें मेहनताने का भुगतान होने की भी शिकायतें मिली हैं। ऐसा ही एक मामले पिछले दिनों जिले के सैलाना विकासखंड में सामने आया था। जांच हुई तो पता चला कि मीना बाई नामक एक रसोइया का नाम दो स्थानों पर दर्ज है। एक स्थान पर उसका बैंक ऑफ इंडिया का खाता नंबर तो दूसरी जगह जिला सहकारी बैंक का खाता नंबर दर्ज मिला। चौंकाने वाली बात यह है कि इन दोनों ही खातों पर रसोइया को भुगतान भी होता रहा। मामला संज्ञान में आने पर जिला पंचायत सीईओ द्वारा मध्याह्न भोजन प्रभारी वरदीचंद को हटा दिया गया था और रसोइये को अदा की गई राशि की वसूली की कार्रवाई भी शुरू की गई थी। इस मामले के बाद से मध्याह्न भोजन योजना के पोर्टल की बारीकी से मॉनिटरिंग की जा रही है।

ये भी पढ़ें

एक नाम 16 जगह होने से उड़ी नींद

पता चला है कि पोर्टल पर सतत नज़र रखने के दौरान जिले के बाजना विकासखंड में एक रसोइये के नाम ने सभी को चौंका दिया। यह नाम है कालीबाई, जो एक या दो जगह नहीं बल्कि 16 स्थानों पर दर्ज है। प्रथमदृष्टया इतनी जगह रसोइये का नाम एक जैसा होना इत्तेफाक बताया जा रहा है, लेकिन प्रशासन इससे संतुष्ट नहीं है। इसलिए जिला पंचायत सीईओ जैन ने जिले के सभी विकासखंडों की रसोइयों के वेरिफिकेशन के निर्देश नोडल अधिकारी एवं एसीओ निर्देशक शर्मा को दिए हैं। सीईओ द्वारा यह भी ताकीद की है कि अगर कहीं भी किसी रसोइये का नाम एक से अधिक जगह दर्ज पाया जाता है तो यह भी पता किया जाए कि इतनी जगह उसका नाम किसके द्वारा प्रस्तावित किया गया ताकि उस पर भी कार्रवाई की जा सके।

ये भी पढ़ें

7 दिन के अंदर करना होगा वेरिफिकेशन

मामले में एसीओ निर्देश शर्मा ने एसीएन टाइम्स को बताया कि रसोइयों का 7 दिन के भीतर वेरिफिकेशन करने के के लिए जिले के सभी बीआरसी और बीएसी को निर्देशित किया गया है। वेरिफिकेशन रसोइयों के आधार कार्ड, उनके पति के नाम और बैंक खाते आदि की जानकारी और दस्तावेजों के आधार पर करने के लिए कहा है। छात्रों की संख्या के अनुपात में रसोइये की संख्या सुनिश्चित करने के लिए भी कहा है। बता दें कि, मध्याह्न भोजन योजना के तहत छात्रों की संख्या 25 तक होने पर एक तथा 26 से 100 तक होने पर दो रसोइये रखने का प्रावधान है। इसके बाद प्रत्येक 100 छात्र बढ़ने पर एक रसोइया बढ़ाया जाना तय है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।