ये होटल है या लाक्षागृह ! होटल समता सागर में फायर सेफ्टी उपकरण अपर्याप्त, हाईड्रेंट लाइन और अलार्म सिस्टम भी ठप

रतलाम के होटल समता सागर में फायर सेफ्टी ऑडिट के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई। 63 कमरों वाले होटल में पर्याप्त अग्निशामक उपकरण नहीं मिले, हाईड्रेंट लाइन और फायर अलार्म सिस्टम भी बंद पाए गए।

May 7, 2026 - 22:19
 0
ये होटल है या लाक्षागृह ! होटल समता सागर में फायर सेफ्टी उपकरण अपर्याप्त, हाईड्रेंट लाइन और अलार्म सिस्टम भी ठप
प्रशानस के दल द्वारा होटल समता सागर में किए गए फायर सेफ्टी ऑडिट में मिली खामियां।

फायर सेफ्टी ऑडिट में खुली पोल, 63 कमरों वाले होटल में मिले सिर्फ 8 अग्निशामक उपकरण; प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश

एसीएन टाइम्स @ रतलाम। शहर के प्रमुख होटलों में शामिल होटल समता सागर फायर सेफ्टी के मामले में किसी लाक्षागृह से कम नहीं है। यहां न तो आग बुझाने से पर्याप्त उपकरण फायर एक्सटिंग्विशर (Fire Extinguisher)  हैं और न इससे जुड़ी व्यवस्थाएं ही दुरुस्त हैं। हाईड्रेंट लाइन और फायर सेफ्टी अलार्म भी बंद है।

यह खुलासा गुरुवार को कलेक्टर मिशा सिंह के आदेश पर हुए होटल के फायर सेफ्टी सेफ्टी ऑडिट में हुआ। यहां जिला प्रशासन का संयुक्त दल सुबह फायर सेफ्टी की जुड़ी व्यवस्थाओं की हकीकत जानने पहुंचा था। टीम में गोमगार्ड, फायर सेफ्टी विभाग, लोक निर्माण विभाग और बिजली वितरण कंपनी के अधिकारी शामिल रहे। सेफ्टी ऑडिट के दौरान यहां खामियां नजर आईं जिन्हें दूर करने की सख्त हिदायत प्रशासन ने दी।

63 कमरों के मुकाबले सिर्फ 8 अग्निशामक उपकरण

निरीक्षण में सामने आया कि होटल में कुल 63 कमरे संचालित हैं, लेकिन सुरक्षा के नाम पर यहां सिर्फ 6 एबीसी (ABC) फायर एक्सटिंग्विशर और 2 CO फायर एक्सटिंग्विशर ही उपलब्ध हैं। विशेषज्ञों के अनुसार इतने बड़े होटल परिसर के लिए यह संख्या बेहद कम मानी जाती है।

ये भी पढ़ें

जांच के दौरान यह भी पाया गया कि होटल की हाईड्रेंट लाइन बंद पड़ी हुई थी। यही नहीं, आपात स्थिति में लोगों को सतर्क करने वाला फायर अलार्म सिस्टम भी निष्क्रिय मिला। ऐसे में किसी हादसे की स्थिति में होटल में ठहरे लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

नियम क्या कहते हैं?

भारत में होटलों के लिए फायर सेफ्टी संबंधी नियम नेशनल बिल्डिंग कोड (NBC) और स्थानीय अग्निशमन विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार तय किए गए हैं। इनके अनुसार...

  • प्रत्येक 200 वर्गमीटर क्षेत्र में कम से कम 1 से 2 अग्निशामक उपकरण होना जरूरी।
  • गलियारों में अधिकतम 30 मीटर दूरी पर फायर एक्सटिंग्विशर अनिवार्य।
  • सीढ़ियों, कॉरिडोर और रसोई क्षेत्र में विशेष सुरक्षा उपकरण जरूरी।
  • सभी कमरों, गलियारों और स्टोर एरिया में स्मोक डिटेक्टर लगाए जाना अनिवार्य।
  • हर मंजिल पर फायर होज रील और मैन्युअल कॉल पॉइंट होना चाहिए।
  • बड़े होटलों में स्प्रिंकलर सिस्टम और एक्टिव फायर अलार्म सिस्टम अनिवार्य।
  • फायर सेफ्टी उपकरणों की हर तीन माह में जांच जरूरी।

ये भी पढ़ें

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।