MP Board में रतलाम का दम ! 6 विद्यार्थियों ने 10वीं और 12वीं की मेरिट में बनाई जगह, सेंट स्टीफन स्कूल की सृष्टि सिलावट टॉप-3 में
एमपी बोर्ड 2026 के रिजल्ट में रतलाम जिले के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। 10वीं में सरकारी स्कूलों के दो छात्रों ने मेरिट में जगह बनाई, जबकि 12वीं में सृष्टि सिलावट ने 97.6% के साथ प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया। जानें टॉपर्स, अंक और सफलता की पूरी कहानी।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश की 10वीं और 12वीं कक्षाओं को परीक्षा परिणाम रतलाम के शिक्षा जगत के लिए खुशी लेकर आया। 10वीं की मेरिट लिस्ट में जिले के सरकारी स्कूल के दो स्टूडेंट ने जगह बनाई तो 12वीं में तीन प्राइवेट और एक सरकारी स्कूल के स्टूडेंट ने। इस उपलब्धि से स्टूडेंट और अभिभावकों के साथ ही उनके शिक्षक व स्कूल प्रबंधन भी काफी खुश है।
बुधवार सुबह जैसे ही प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा की घोषणा की और परिणाम इंटरनेट पर नजर आया, उत्तीर्ण हुए विद्यार्थी खुशी से झूम उठे। परिणामों में कक्षा 12वीं में जिले के तीन प्राइवेट और एक सरकारी स्कूल की छात्राओं ने प्रदेश के मेरिट में अलग-अलग स्थाना पाया। कक्षा 10वीं के रिजल्ट में सरकारी स्कूल की एक छात्रा व एक छात्र ने प्रदेश की मेरिट में 9वें नंबर पर आए। रतलाम के हिस्से सबसे बड़ी खुशी लाया सेंट स्टीफन हायर सेकंडरी स्कूल की सृष्टि पिता अश्विनी सिलावट का परिणाम। वाणिज्य समूह इस छात्रा ने 500 में से 488 अंक (97.6 प्रतिशत) हासिल कर अपने संकाय की प्रदेश की मेरिट लिस्ट में तीसरा स्थान (रतलाम जिले की मेरिट में पहला) हासिल किया।
अक्षिता पालीवाल
मेरिट लिस्ट में स्थान पाने वाली रतलाम की दूसरी छात्रा रहीं जैथ पब्लिक स्कूल की मनस्वी पिता विशाल गोयल जिन्होंने गणित संकाय में 500 में से 488 अंक प्राप्त किए। वे 97.6 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश की मेरिट में पांचवें स्थान पर रहीं। प्रदेश की मेरिट में 10वें स्थान पर दो छात्राएं रहीं। इनमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कालूखेड़ा की निलोफर पिता इलियाज शेख ने गणित संकाय में 500 में से 96.6 प्रतिशत (483) अंक प्राप्त किए। इसी तरह साईं श्री एकेडमी हायर सेकंडरी स्कूल रतलाम की अक्षिता पिता आनंद पालीवाल ने वाणिज्य संकाय में 500 में से 96.2 प्रतिशत (481) अंक प्राप्त किए। अक्षिता के पिता का बर्तनों का व्यवसाय है।
ये भी पढ़ें
10वीं में सरकारी स्कूलों ने बचाई लाज
10वीं की मेरिट में नौवां स्थान पाने वाले आयुष पाटीदार को बधाई देते शिक्षक व अन्य।
कक्षा 12वीं में रतलाम के तीन प्राइवेट स्कूलों के स्टूडेंट को सफलता मिली लेकिन 10वीं में यहां से एक भी स्कूल का स्टूडेंट अपनी जगह नहीं बना सका। 10वीं में बाजी मारी जिले के सरकारी स्कूलों के स्टूडेंट ने। ये हैं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रियावन की छात्रा सरस्वती पिता घनश्याम और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धामनोद के आयुष पिता मुकेश पाटीदार शामिल। इन दोनों ने ही 491 अंक (98.2 प्रतिशत) हासिल प्रदेश की मेरिट में 9वें स्थान पर कब्जा जमाया।
स्कूल परिवार ने ढोल के साथ किया सृष्टि का स्वागत
कक्षा 12वीं की वाणिज्य संकाय की मेरिट लिस्ट में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली सृष्टि सिलावट परिणाम घोषित होने के बाद अपने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने परिवार के साथ सेंट स्टीफन हायर सेकंडरी स्कूल पहुंची। साथ में पिता अश्विनी (लेबर कॉन्ट्रैक्टर) के साथ ही माता, और दादा-दादी भी थे। संस्था का नाम रोशन करने वाली छात्रा सृष्टि का स्वागत संचालक संजय उपाध्याय ने ढोल बजवाकर किया। उन्होंने सृष्टि और परिवार का मुंह मीठा करवाकर बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
ये भी पढ़ें
तीन घंटे पढ़ाई, सोशल मीडिया से दूरी और सफलता मुट्ठी में
सृष्टि अपनी सफलता का श्रेय स्कूल के शिक्षकों और अपने परिवार से मिले प्रोत्साहन को देती हैं। वे बताती हैं कि सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन का ही असर है कि रोज महज 3 घंटे की पढ़ाई ने उन्हें इस मुकाम पर पहुंचा दिया। उनकी सारी पढ़ाई घर और स्कूल में ही हुई जिसके दम पर उन्होंने बुक कीपिंग और एकाउंटेंसी में 100, अंग्रेजी में 98, हिंदी और अर्थशास्त्र में 97 और बिजनेस स्टडीज में 96 अंक प्राप्त हुए। उनकी सफलता का एक सूत्र फेसबुक, इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया से दूरी भी रहा। सृष्टि कहती हैं कि यदि सफल होना है तो सोशल मीडिया से दूरी जरूरी है।
सांदीपनी विद्यालय ने फिर दिया उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम
अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्पर्धा में इनोवेशन कैटेगरी में पहले स्थान पर रहे रतलाम के सीएम राइज (अब सांदीपनी) विनोबा विद्यालय ने 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम में भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। यहां 10वीं के 51 में से 50 स्टूडेंट प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। इनमें से 23 ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए। 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक पाने वाले विद्यार्थियों में केशवी दशोत्तर (96.4 प्रतिशत), आयुष खांडेकर (91.4 प्रतिशत), गरिमा सोनार्थी और कुशाग्र शर्मा (91.2 प्रतिशत) शामिल हैं।
इसी तरह 12वीं में 65 में से 64 स्टूडेंट प्रथम श्रेणी में पास हुए। 23 स्टूडेंट को 75 प्रतिशत से अधिक अंकों के साथ विशेष योग्यता हासिल हुई जिन्हें शासन द्वारा दिए जाने वाले लैपटॉप की पात्रता हासिल हुई है। चार स्टूडेंट ने 90 व इससे अधिक अंक प्राप्त किए। इनमें तितिक्ष पंचाली (90.8 प्रतिशत), यथार्थ गोयल (90.4 प्रतिशत), महीप पांचाल और रूपांजली (90 प्रतिशत) शामिल हैं। प्राचार्य संध्या वोरा, उप प्राचार्य गजेंद्र सिंह राठौर सहित स्टाफ ने अत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्टूडेंट का स्वागत कर बधाई और शुभकामनाएं दी।





