MP 10वीं-12वीं रिजल्ट 2026 घोषित : हाईस्कूल में 73.42% और हायर सेकंडरी में 76.01% विद्यार्थी पास, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषित किया परिणाम, बधाई दी

मध्यप्रदेश बोर्ड 10वीं और 12वीं परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित हो गए हैं। हाईस्कूल में 73.42% और हायर सेकंडरी में 76.01% छात्र पास हुए। छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर रहा। जानें रिजल्ट, दूसरा मौका परीक्षा, पुनर्गणना और आवेदन की पूरी जानकारी।

Apr 15, 2026 - 15:25
Apr 15, 2026 - 17:47
 0
MP 10वीं-12वीं रिजल्ट 2026 घोषित :  हाईस्कूल में 73.42% और हायर सेकंडरी में 76.01% विद्यार्थी पास, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषित किया परिणाम, बधाई दी
माध्यमिक शिक्षा मंडल मप्र द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव।

एसीएन टाइम्स @ भोपाल माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश द्वारा संचालित हाईस्कूल और हायर सेकंडरी सर्टिफिकेट परीक्षा 2026 के परिणाम 15 अप्रैल 2026 (बुधवार) मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषित किए। हाईस्कूल में इस वर्ष 73.42% नियमित परीक्षार्थी तथा 26.38% स्वाध्यायी परीक्षार्थी उत्तीर्ण रहे। 69.31% नियमित छात्र एवं 77.52% नियमित छात्राएं सफल हुईं। इसी प्रकार हायर सेकंडरी परीक्षा में 76.01% नियमित तथा 30.60% स्वाध्यायी परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। दोनों ही कक्षाओं की प्रदेश स्तरीय प्रावीण्य सूची भी जारी की गई है।

150

हाईस्कूल सर्टिफिकेट 2026 परीक्षा इस साल 13 फरवरी से 06 मार्च के मध्य सम्पन्न हुई थी। वहीं हायर सेकंडरी की परीक्षा 10 फरवरी से 07 मार्च 2026 के मध्य हुई थी। हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश में कुल 3854 केन्द्रों पर आयोजित परीक्षा में 7,87,733 नियमित तथा 1,09,328 स्वाध्यायी परीक्षार्थी शामिल हुए थे। हायर सेकंडरी में 3636 परीक्षा केन्द्रों पर नियमित परीक्षार्थियों के रूप में 6,13,634 ने नियमित और 76,112 स्वाध्यायी परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। परीक्षा में हाईस्कूल के 47 और हायर सेकंडरी के 71 नकल प्रकरण बने थे।

500
200

ये भी पढ़ें

10वीं और 12वीं में यह रही स्थिति

हाईस्कूल के 7,87,595 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी जिनके परिणाम घोषित हुए हैं। इसमें सफल रहे नियमित परीक्षार्थियों में 4,31,464 प्रथम श्रेणी में, 145772 परीक्षार्थी द्वितीय श्रेणी में एवं 1092 परीक्षार्थी तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। इस प्रकार कुल 5,78,328 परीक्षार्थी परीक्षा में सफल हुए। परीक्षाफल 73.42% रहा। इस वर्ष नियमित परीक्षार्थियों में छात्राओं ने बाजी मारी। उत्तीर्ण छात्रों का परीक्षाफल 69.31% तथा छात्राओं का 77.52% रहा है। हायर सेकंडरी के 6,13,318 नियमित परीक्षार्थियों के परिणाम भी घोषित किए। इनमें 3,67,079 परीक्षार्थी प्रथम, 99,073 द्वितीय तथा 254 परीक्षार्थी तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। इस प्रकार कुल 4,66,406 परीक्षार्थी परीक्षा में सफल हुए। इनका परीक्षाफल 76.01% रहा है।

ये भी पढ़ें

मूक, बधिर दृष्टिहीन विद्यार्थियों के परिणाम भी घोषित

मंडल ने हाईस्कूल और हायर सेकंडरी परीक्षा में सम्मिलित मानसिक विकलांग, नेत्रहीन एवं मूक बधिर (CWSN) छात्रों का परीक्षाफल भी घोषित किया गया है। इसमें छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 53.80% तथा छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 56.65% रहा है। इस प्रकार इस श्रेणी के 54.86% परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए हैं। इसी तरह 12वीं की परीक्षा में सम्मिलित रहे नेत्रहीन एवं मूक बधिर (CWSN) विद्यार्थियों के परिणाम भी घोषित किए गए हैं। इमसें 63.50% छात्र एवं 69.72% छात्राएं सफल रहीं। इस श्रेणी के कुल 65.84% परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए है।

ये भी पढ़ें


पूरक परीक्षा के स्थान पर मिलेगा दूसरा अवसर

इस वर्ष किसी भी छात्र का पूरक परीक्षा फल घोषित नहीं किया गया है। इसके स्थान पर विद्यार्थियों को दूसरा अवसर दिया जा रहा है। ऐसे छात्र जो मण्डल की प्रथम परीक्षा में एक या अधिक विषयों में अनुपस्थित / अनुत्तीर्ण रहे हों वे द्वितीय परीक्षा में सम्मिलित हो सकेंगे। ऐसे परीक्षार्थी जो किसी विषय में उत्तीर्ण हो गए हों, वे भी अंक सुधार हेतु द्वितीय अवसर परीक्षा (07 से 19 मई 2026 तक) में सम्मिलित हो सकते हैं। परीक्षार्थियों का प्रथम एवं द्वितीय अवसर में से जो भी श्रेष्ठ परिणाम होगा वह अंतिम रूप से मान्य किया जाएगा। प्रायोगिक विषयों में किसी छात्र को प्रायोगिक एवं आंतरिक परीक्षा के केवल अनुत्तीर्ण भाग में ही सम्मिलित होने की पात्रता रहेगी। द्वितीय अवसर परीक्षा में परीक्षार्थी को विषय परिवर्तन की अनुमति नहीं है।

ये भी पढ़ें

ऑनलाइन होगा आवेदन, अभी जारी नहीं होगी अंकसूची

दूसरे अवसर की परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए 15 से 22 अप्रैल 2026 रात 12 बजे तक एम.पी. ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म भरे जा सकेंगे। द्वितीय अवसर परीक्षा में सम्मिलित होने वाले परीक्षार्थियों को मुख्य परीक्षा की अंकसूची जारी नहीं की जाएगी। द्वितीय अवसर परीक्षा में सम्मिलित होने वाले परीक्षार्थियों की मूल अंकसूची जारी होने तक डिजी लॉकर के माध्यम से अपनी अंकसूची की प्रमाणित प्रति प्राप्त कर सकते हैं। द्वितीय अवसर का परीक्षाफल घोषित होने पर ऐसे परीक्षार्थियों को अंकसूची जारी की जाएगी। द्वितीय अवसर परीक्षा का आयोजन दिनांक 07.05.2026 से 19.05.2026 तक किया जाएगा।

ये भी पढ़ें

पुनर्गणना के लिए 10 दिन के भीतर करना होगा आवेदन

पुनर्गणना एवं उत्तर पुस्तिका की छायाप्रति प्राप्त करने हेतु परीक्षा परिणाम घोषणा तिथि से 10 दिवस की अवधि में ऑनलाइन आवेदन एम.पी. ऑनलाइन पोर्टल से किए जा सकते हैं। उत्तर पुस्तिका की छायाप्रति प्राप्त करने हेतु ऑनलाइन आवेदन में छात्र / पालक की ई-मेल आई. डी. दर्ज कराना अनिवार्य होगा। उत्तर पुस्तिका की छायाप्रति ई-मेल द्वारा ही उपलब्ध कराई जाएगी। पुनर्गणना, उत्तर पुस्तिका की छायाप्रति प्राप्त करने के आवेदन जमा करने हेतु मोबाइल एप की सुविधा भी उपलब्ध है। मंडल का मोबाइल एप 'MPBSE' गूगल प्लेस्टोर अथवा 'MPMOBILE' को निःशुल्क डाउनलोड किया जा सकता हैं।

ये भी पढ़ें

तीन माह तक ही ठीक करा सकेंगे अंकसूची की त्रुटि

परीक्षार्थियों को प्रदत्त की जा रही अंकसूचियों में यदि किसी प्रकार की लिपिकीय त्रुटि है तो परीक्षा परिणाम घोषित होने के दिनांक से तीन माह की अवधि तक उसे ठीक कराने के लिए निःशुल्क व्यवस्था है। तीन माह तक किसी प्रकार का सुधार न कराने वाले छात्र-छात्राओं को बाद में ऐसे सुधार कराने के लिए सशुल्क आवेदन करना होगा।

तालिका में देखें 10वीं के परिणाम की स्थिति

तालिका में देखें 12वीं के परिणाम की स्थिति

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।