रतलाम ब्रेकिंग : नामली के पास 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर पी रहे थे शराब, पटवारी ने रोका तो कर दिया हमला

रतलाम में 8 लेन एक्सप्रेस वे पर शराब पीने से रोकने पर एक पटवारी को भारी पड़ गया। शराबियों ने पटवारी पर हमला कर दिया।

Jul 15, 2023 - 00:20
Jul 15, 2023 - 00:30
 0
रतलाम ब्रेकिंग : नामली के पास 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर पी रहे थे शराब, पटवारी ने रोका तो कर दिया हमला
दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस वे पर मारपीट।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे (8 लेन मार्ग) अवैध गतिविधियों का अड्डा बनता जा रहा है। शुक्रवार रात को यहां पत्नी और बच्चों के साथ पहुंचे नामली कस्बे के पटवारी के साथ दो दर्जन लोगों ने हमला बोल दिया। पटवारी की पत्नी से भी दुर्व्यवहार किया। नामली पुलिस ने लिखित आवेदन लेकर पीड़ित पटवारी को चलता कर दिया।

नामली कस्बे में पदस्थ पटवारी जितेंद्र अवस्थी शुक्रवार को ड्यूटी पूरी होन के बाद अपने रतलाम निवास पहुंचे। यहां से वे रात करीब 9.30 बजे पत्नी और तीन वर्षीय और सात वर्षीय बच्चों क साथ नामली के पास महासागर ढाबे पर भोजन करने जा रहे थे। इस दौरान वे परिवार को 8 लेन दिखाने के रुके। कार एक तरफ खड़ी कर दी। पटवारी की पत्नी भी कार के पास खड़ी हो गईं जबकि पटवारी बच्चों को लेकर 8 लेन पर थोड़ा ही आगे बढ़े थे कि उनकी नजर टोल प्लाजा के पास एक झुंड पर पड़ी। झुंड में 20 से 25 लोग थे जो शराब पी रहे थे।

पटवारी अवस्थी ने उन्हें इस तरह सड़क पर बैठ कर शराब पीने से रोका तो वे भड़क गए। शराब पी रहे लोगों ने पूछा कि वे रोकने वाले कौन हैं। अवस्थी ने परिचय देते हुए बताया कि वे क्षेत्र के पटवारी हैं। इस पर शराबियों ने कहा कि पटवारी की ड्यूटी 5 बजे खत्म हो जाती है, उसके बाद बोलने का कोई अधिकार नहीं। इतना ही नहीं उन्होंने पटवारी पर हमला बोल दिया और मारपीट की। यह देख अवस्थी की पत्नी ने उन्हें रोकने का प्रयास किया और उन्होंने पति को छोड़ने का आग्रह किया लेकिन उन्होंने उनसे भी अभद्रता की। पटवारी अवस्थी ने एसीएन टाइम्स को बताया घटना के बाद वे नामली थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी। उन्होंने पुलिस ने लिखित शिकायत दी है। फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।