मानव सेवा – जन सेवा : रेडक्रॉस की एम्बुलेंस सेवा और मेडिकल हेल्पलाइन का शुभारंभ 9 मई को, CA विकास छाजेड़ दादा की स्मृति में प्रदान करेंगे एम्बुलेंस

रतलाम में 9 मई को रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा एम्बुलेंस सेवा, मेडिकल हेल्पलाइन और नए कार्यालय का शुभारंभ किया जाएगा।

May 6, 2026 - 20:14
May 6, 2026 - 21:17
 0
मानव सेवा – जन सेवा : रेडक्रॉस की एम्बुलेंस सेवा और मेडिकल हेल्पलाइन का शुभारंभ 9 मई को, CA विकास छाजेड़ दादा की स्मृति में प्रदान करेंगे एम्बुलेंस
सीए विकास सरदारमल छाजेड़ अपने दादा स्व. राजमल छाजेड़ की स्मृति में रेडक्रॉस को भेंट करेंगे एम्बुलेंस।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रतलाम में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा न केवल नए कार्यालय की शुरुआत की जा रही है, बल्कि एम्बुलेंस सेवा और मेडिकल हेल्पलाइन जैसी सुविधाओं का भी शुभारंभ किया जाएगा। एंबुलेंस सेवा का प्रबंध चार्टर्ड एकाउंटेंट विकास पिता सरदारमल छाजेड़ (जैन) के सहयोग से किया जाएगा। इसमें जैन सोशल ग्रुप रतलाम युवा की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

रतलाम शहर में 9 मई की शाम स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक नई उम्मीद लेकर आने वाली है। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जो लंबे समय से सेवा के संकल्प के साथ काम कर रही है, अब अपने कार्यों को एक और कदम आगे बढ़ाने जा रही है। शाम 5 बजे गुलाब चक्कर स्थित रेडक्रॉस कार्यालय में एक कार्यक्रम आयोजित होगा। मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के लघु एवं सूक्ष्म उद्योग मंत्री चेतन्य काश्यप, पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी और भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय होंगे।

जरूरतमंदों को मदद पहुंचाना उद्देश्य

रेडक्रॉस सोसायटी का उद्देश्य हमेशा से जरूरतमंदों तक समय पर मदद पहुंचाना रहा है। इसी सोच के साथ एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत की जा रही है, ताकि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके। वहीं मेडिकल हेल्पलाइन के जरिए लोगों को मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। आयोजन को सामाजिक सहयोग से साकार किया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने के लिए रेडक्रॉस के पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हैं। रेडक्रॉस द्वारा आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई है।

ये भी पढ़ें

दादा की स्मृति में भेंट कर रहे एम्बुलेंस

मानव सेवा – जन सेवा के जज्बे को लेकर सीए विकास छाजेड़ द्वारा रेडक्रॉस को एम्बुलेंस भेंट की जा रही है। छाजेड़ ने बताया कि यह दादा स्व. राजमल छाजेड़ की स्मृति में प्रदान की जाएगी ताकि नर-नारायण की सेवा हो सके। दादाजी और पूरे परिवार का मानना है कि व्यक्ति के साथ धन-दौलत नहीं बल्कि, सेवा, पुण्य और संस्कार ही जाते हैं। यही वास्तव में हमारी संचित निधि है।

ये भी पढ़ें

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।