रतलाम फोरलेन पर गुणवत्ता पर सवाल: कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप की पहल पर जांच, PWD ने बनाई कमेटी

रतलाम में जावरा फाटक से सेजावता फंटा फोरलेन सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल, मंत्री चेतन्य काश्यप की पहल पर PWD ने जांच समिति बनाई।

May 5, 2026 - 21:04
May 5, 2026 - 21:11
 0
रतलाम फोरलेन पर गुणवत्ता पर सवाल: कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप की पहल पर जांच, PWD ने बनाई कमेटी
रतलाम के जावरा फाटक इंडर ब्रिज से सेजावता फंटा तक सीमेंट कांक्रीट फोरलेन की गुणवत्ता की जांच होगी।

जावरा फाटक अंडरब्रिज से सेजावता फंटा तक 4.12 किमी सीसी रोड निर्माण की होगी पड़ताल, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने लिया तत्काल संज्ञान

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रतलाम में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर उठे सवाल अब जांच के दायरे में आ गए हैं। जावरा फाटक अंडरब्रिज से सेजावता फंटा तक बने फोरलेन सीसी रोड को लेकर मिली शिकायतों के बाद कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप की पहल पर लोक निर्माण विभाग ने उच्च स्तरीय जांच समिति गठित कर दी है।

Google NewsFollow Us

रतलाम शहर के महत्वपूर्ण मार्ग जावरा फाटक अंडरब्रिज से सेजावता फंटा तक 4.12 किलोमीटर लंबे सीमेंट कांक्रीट फोरलेन सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता की अब आधिकारिक जांच होगी। स्थानीय स्तर पर निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी अनियमितताओं की जानकारी सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया था। कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप को जैसे ही इस संबंध में शिकायतें मिलीं, उन्होंने तुरंत संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता से चर्चा की और जांच के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह को भी पूरे मामले से अवगत कराया। मंत्री राकेश सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विभागीय जांच के निर्देश दिए और कार्रवाई का आश्वासन दिया।

निर्देश मिलते ही लोक निर्माण विभाग हरकत में आया और मुख्य अभियंता स्तर पर एक जांच समिति का गठन कर दिया गया। इस समिति के अध्यक्ष के रूप में एस.आर. गोरखेड़े, प्रभारी मुख्य अभियंता (भवन), लोक निर्माण विभाग इंदौर परिक्षेत्र को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं सदस्य के रूप में मयंक शुक्ला, प्रभारी अधीक्षण यंत्री, लोक निर्माण विभाग राजधानी परिक्षेत्र भोपाल और गणेश प्रसाद पटेल, अधीक्षण यंत्री, लोक निर्माण विभाग उज्जैन मंडल को शामिल किया गया है।

पांच दिन में प्रस्तुत करना होगा जांच प्रतिवेदन

समिति को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वह फोरलेन सीसी सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता की गहन जांच कर पांच दिनों के भीतर अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करे। इस जांच के बाद निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो संबंधितों पर कार्रवाई की संभावना भी जताई जा रही है। यह मार्ग शहर के यातायात के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है, ऐसे में निर्माण गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों पर प्रशासनिक स्तर पर तेजी से हुई कार्रवाई को अहम माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।