वीर सावरकर ने कालापानी में कोल्हू में जुत कर तेल निकाला, महात्मा गांधी व जवाहरलाल नेहरू जैसे नेताओं ने कभी कष्ट नहीं सहे- बाबा मौर्य

शहर के युवाओं द्वारा स्वतंत्रता दिवस की संध्या पर भारत माता की युवा वंदना का आयोजन किया गया। इसमें अंतरराष्ट्रीय कलाकार बाबा सत्यनारायण मौर्य ने राष्ट्रीय गीत गाते हुए भारत माता सहित अन्य चित्र उकेरे। भगवान श्री राम की स्तुति भी की।

Aug 16, 2022 - 01:23
Aug 16, 2022 - 02:04
 0
वीर सावरकर ने कालापानी में कोल्हू में जुत कर तेल निकाला, महात्मा गांधी व जवाहरलाल नेहरू जैसे नेताओं ने कभी कष्ट नहीं सहे- बाबा मौर्य
रतलाम में भारत माता की युवा वंदना कार्यक्रम में बाबा सत्यनारायण मौर्य राष्ट्रगीत गाते हुए शहीद भगत सिंह का चित्र बनाते हुए।

अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार बाबा मौर्य ने बरसते पानी में की भारत माता की आरती

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । देश को आजादी दिलाने के लिए कई युवा क्रान्तिकारियों ने जीवन का बलिदान दिया। वीर सावरकर ने कालापानी में कोल्हू में जुत कर तेल निकाला। इसके विपरीत बड़े स्वतंत्रता सेनानी कहे जाने वाले महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू जैसे नेताओं ने कभी कष्ट नहीं सहे।

यह बात अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार बाबा सत्यनारायण मौर्य ने कही। वे आजादी का अमृत महोत्सव के मौके पर सोमवार को स्थानीय घास बाजार में आयोजित राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत भारत माता की युवा वंदना कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। बाबा मौर्य ने भारतीय भाषाओं के पूरा सम्मान नहीं मिल पाने का दर्द भी बयां किया। उन्होंने कहा कि- भारत को राजनीतिक आजादी तो मिल गई लेकिन गुलामी की मानसिकता से अब तक हमें छुटकारा नहीं मिला सका है। मौर्य के अनुसार हम आज भी गुलामों वाली मानसिकता में ही जी रहे हैं। आज भी देश में भारतीय भाषाओं को उतना सम्मान नहीं मिल रहा जितना अंग्रेजी को दिया जा रहा है।

देशभक्ति गीत गाते हुए उकेरे भारत माता सहित अन्य चित्र

शहर विधायक चेतन्य काश्यप एवं महापौर प्रहलाद पटेल की मौजूदगी में हुए आयोजन में बाबा मौर्य ने बरसते पानी में देशभक्ति गीत गाते हुए भारत माता का चित्र बनाया। उन्होंने भारत माता की आरती भी की। बाबा मौर्य ने भगवान श्री राम की स्तुति भी की और देखते ही देखते श्री राम का चित्र कैनवास पर उकेर दिया। उनकी इस अद्भुत और विलक्षण प्रतिभावाली कलाकारी को देखकर समारोह में मौजूद लोग हतप्रभ रह गए।

युवाओं ने निकाली रैली, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की वेषभूषा में हुए शामिल

स्वतंत्रता दिवस सेलिब्रेट करने के लिए मनाए गए आयोजन के दौरान युवाओं की टोलियों ने शहर के विभिन्न इलाकों से रैलियां निकाली गईं। इसमें बच्चे भी शामिल हुए। बच्चे और युवा स्वतंत्रता संग्राम के वीर योद्धाओं की प्रतिमूर्ति बनकर चल रहे थे। रैलियां विभिन्न मार्गों से होती हुई घास बाजार चौराहे पर आयोजित समारोह में पहुंचीं।

बारिश नहीं कर सकी युवा जोश

भारत माता की युवा वंदना के दौरान तेज बारिश शुरू हो गई लेकिन यह आजादी की वर्षगांठ के उत्सव के मां भारती के लालों का जोश कम नहीं कर पाई। तेज बारिश के बावजूद कार्यक्रम जारी रहा। मंच पर पहुंचने के बाद जैसे ही बाबा मौर्य ने बोलना शुरू किया तो वहां मौजूद लोग भी जोश से भर गए और कार्यक्रम के अंत तक डटे रहे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।