24वें खेल चेतना मेला के लिए तैयार हो रहे खेल मैदान, 9 से 12 जनवरी तक शहर में होंगी खेल स्पर्धाएं

चेतन्य काश्यप फाउंडेशन और क्रीड़ा भारती द्वारा आयोजित खेल चेतना मेला की तैयारियां शुरू हो गई हैं।

Jan 4, 2024 - 00:04
 0
24वें खेल चेतना मेला के लिए तैयार हो रहे खेल मैदान, 9 से 12 जनवरी तक शहर में होंगी खेल स्पर्धाएं
खेल चेतना मेले की तैयारी का जायजा लेते समिति के सदस्य।

क्रीड़ा भारती और चेतन्य काश्यप फाउंडेशन का आयोजन

एसीएन टाइम्स @ रतलाम। क्रीड़ा भारती एवं चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा आयोजित 24वें खेल चेतना मेला की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। खेलों का यह महाकुंभ आगामी 9 से 12 जनवरी तक होगा। इसमें शहर के विभिन्न खेल मैदानों पर कई तरह की स्पर्धाओं का आयोजन होगा। इसके लिए मैदान तैयार हो रहे हैं।

खेल मैदान की वस्तुस्थिति का जायजा लेने के लिए आयोजन समिति के सचिव मुकेश जैन, क्रीड़ा भारती जिलाध्यक्ष डॉ. गोपाल मजावदिया, सचिव अनुज शर्मा मैदान पर पहुंचे और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। खेल चेतना मेला समिति सचिव मुकेश जैन ने बताया कि क्रीड़ा भारती एवं चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा आयोजित होने वाले खेल चेतना मेला में शहर के सभी विद्यालयों की सहभागिता होगी। इस वर्ष भी 18 खेलों में 7 हजार से अधिक बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। खेल मेला में योग, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, व्हॉलीबॉल, शतरंज, तैराकी, मलखंभ, स्केटिंग, शूटिंग, शरीर सौष्ठव की स्पर्धाएं आयोजित होंगी।

स्पर्धा शहर के नेहरू स्टेडियम, रेलवे खेल मैदान, रेलवे सीनियर इंस्टीट्यूट, काश्यप सभागृह, विधायक सभागृह, संत कंवर राम नगर, लॉ कॉलेज सहित विभिन्न खेल मैदानों पर आयोजित होगी। आयोजन समिति ने समस्त अभिभावकों, स्कूल संचालक व प्राचार्यों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में बच्चों को खेल स्पर्धाओं में शामिल होने के लिए प्रेरित करें और मैदान तक लाएं।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।