रतलाम में तीन हत्याओं के 10 दोषियों को तिहरी उम्रकैद और अर्थदंड, जमीन विवाद में तलवारों से हमला कर की थी हत्या

रतलाम के रावटी थाना क्षेत्र के गुंदीपाड़ा में जमीन विवाद को लेकर तीन लोगों की हत्या के मामले में अदालत ने 10 आरोपियों को ट्रिपल आजीवन कारावास और अर्थदंड से दंडित किया।

रतलाम में तीन हत्याओं के 10 दोषियों को तिहरी उम्रकैद और अर्थदंड, जमीन विवाद में तलवारों से हमला कर की थी हत्या
रतलाम में हुए तिहरे हत्याकांड के 10 अभियुक्तों को हुई तिहरी उम्रकैद की सजा।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जमीन पर कब्जे को लेकर उपजे विवाद में तलवारों से हमला कर तीन लोगों की हत्या के छह साल पुराने मामले में अदालत ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। अष्टम अपर सत्र न्यायाधीश निर्मल मंडोरिया की अदालत ने 10 आरोपियों को दोषी ठहराते हुए प्रत्येक को धारा 302 के तहत सश्रम ट्रिपल आजीवन कारावास और 4 हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है। इसके साथ ही धारा 307 के तहत प्रत्येक दोषी को 10-10 वर्ष का सश्रम कारावास और 2 हजार रुपए अर्थदंड से भी दंडित किया है।

अभियोजन के अनुसार, फरियादिया सीता (23), निवासी ग्राम गुंदीपाड़ा के पिता मोहन कटारा के नाम गांव में कृषि भूमि है। इस भूमि के पास स्थित शासकीय जमीन पर मोहन कटारा और उनके परिवार का कब्जा था। इसी शासकीय जमीन पर नगला पिता खीमा भाभर और उसके परिवार का भी कब्जा था। दोनों पक्ष जमीन पर अपना अधिकार जताते थे। 5 जून 2020 को विवादित जमीन का मौका देखने के लिए पुलिस, पटवारी, ग्राम नायन के सरपंच कमल मईड़ा और दोनों पक्षों के लोग मौके पर पहुंचे थे। पटवारी पूजा कसारा ने मौका देखने के बाद दोनों पक्षों को समझाइश दी और पंचनामा पर हस्ताक्षर कराने के लिए ग्राम पंचायत भवन बुलाया।

फरियादिया के मुताबिक, उसके पिता मोहन कटारा, बड़े पिता रावजी कटारा, गुलाब कटारा, भाई शंकर और मगन के साथ पंचायत भवन की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 1.15 बजे पीछे से आरोपियों का समूह तलवारों और लाठियों के साथ पहुंचा। आरोपियों ने एकमत होकर हमला कर दिया। लक्ष्मण ने तलवार से मोहन कटारा के सिर और बाएं कंधे पर वार किया, जबकि शंभु पिता वरसिंह ने लाठी से रावजी कटारा पर हमला किया। हमले से बचने के लिए शंकर, मगन और गुलाब खेतों की ओर भागे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया।

ये भी पढ़ें

तीन लोगों को पकड़कर तलवारों से किए वार

अभियोजन के अनुसार, नेपु और बाबु ने शंकर को पकड़ लिया। इसके बाद लक्ष्मण ने तलवार से उसके गले और छाती पर वार किए। सेतु और शंभु ने मगन को पकड़ा तथा कांतिलाल ने उसके गले और छाती पर तलवार से हमला किया। इसी तरह शंभु पिता देवा और देवला ने गुलाब को पकड़ लिया, जिसके बाद बापू और गबरू ने उसके गले और मुंह पर तलवार से वार किए। गंभीर चोटों के कारण तीनों जमीन पर गिर पड़े। हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मोहन कटारा और रावजी कटारा को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल रावटी ले जाया गया, जबकि शंकर, मगन और गुलाब को ट्रैक्टर-ट्रॉली से रतलाम के सरकारी अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। फरियादिया की रिपोर्ट पर रावटी थाने में प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की। जांच के बाद साक्ष्य एकत्रित कर आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया गया।

मौखिक, दस्तावेजी और वैज्ञानिक साक्ष्यों से दोषसिद्धि

विचारण के दौरान अभियोजन पक्ष ने मौखिक, दस्तावेजी और वैज्ञानिक एवं चिकित्सकीय साक्ष्य प्रस्तुत किए। इन साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया। पांच वर्ष से अधिक पुराने इस प्रकरण को चिह्नित, जघन्य एवं सनसनीखेज श्रेणी में रखा गया था। शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक गोल्डन राय ने सफल पैरवी की।

ये भी पढ़ें

इन्हें पाया हत्या का दोषी, हुई सजा

लक्ष्मण पिता नगला भाभर (47), कांतिलाल उर्फ कांतु पिता माधु भाभर (30), बापू पिता नगला भाभर (35), सेतु पिता भुरजी भाभर (35), देवला पिता राधू भाभर (35), शंभु पिता वरसिंह भाभर (32), बाबू पिता रामजी भाभर (58), नेपू उर्फ मांगू पिता बाबू भाभर (30), शंभु पिता देवा भाभर (30) एवं गबरू उर्फ गवरसिंह पिता माधू भाभर (24) सभी निवासी ग्राम गुंदीपाड़ा (नायन), थाना रावटी, जिला रतलाम।