बड़ी खबर ! कर्मचारी फरदीन ने WhatsApp पर 'OK' भेजकर अपने साथियों से करवाई 40 लाख की लूट, पुलिस ने 24 घंटे में कर दिया खुलासा

रतलाम के 40 लाख रुपए की लूट का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा किया। मास्टरमाइंड कर्मचारी फरदीन गिरफ्तार। WhatsApp पर 'OK' मैसेज भेजकर कराई थी वारदात। पूरी रुपए बरामद।

बड़ी खबर ! कर्मचारी फरदीन ने WhatsApp पर 'OK' भेजकर अपने साथियों से करवाई 40 लाख की लूट, पुलिस ने 24 घंटे में कर दिया खुलासा
40 लाख की सनसनीखेज लूट का खुलासा करते एसपी अमित कुमार।

कर्मचारी के साथियों ने ब्लिंकिट की वर्दी पहनकर दिया वारदात को अंजाम, पूरी राशि बरामद, मास्टर माइंड गिरफ्तार, दो आरोपी फरार

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । स्टेशन रोड थाना पुलिस ने व्यवसायी के यहां 40 लाख रुपए की सनसनीखेज लूट का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में वारदात के मास्टरमाइंड फरदीन खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी व्यवसायी का ही कर्मचारी है जिसने अपने दो साथियों को वाट्सएप पर ‘OK’ भेजा था जिसके बाद उन्होंने ब्लिंकिट की वर्दी पहनकर वारदात को अंजाम दिया था। लूटे गए रुपए बरामद हो चुके हैं जबकि दोनों आरोपी फरार हैं।

एसपी अमित कुमार ने पुलिस कंट्रोल रूम पर पत्रकार वार्ता में लूट का खुलासा किया। उन्होंने बताया 30 जून 2026 को शहर सराय निवासी फरियादी मनीष पटवा ने थाना स्टेशन रोड में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया था कि उसके मित्र एवं शराब व्यवसायी गौरव शर्मा की विभिन्न शराब दुकानों से प्राप्त लगभग 40 लाख रुपए की नगदी सुरक्षित रखने के लिए उसके कार्यालय भेजी गई थी।

राशि लेकर आए कर्मचारी ने नगदी फरियादी के कर्मचारी फरदीन और उसके पिता फिरोज को सौंपी। दोनों ने रुपए गिनकर उन्हें काले रंग के बैग में रखे और घर की ऊपरी मंजिल पर ले जाने लगे। इसी दौरान ब्लिंकिट कंपनी की वर्दी पहने तथा चेहरे पर कपड़ा बांधे एक अज्ञात व्यक्ति ने फरदीन को जान से मारने की धमकी देकर उसके हाथ से 40 लाख रुपए से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गया।

ये भी पढ़ें

सीसीटीवी फुटेज ने किया खुलासा

इस मामले में थाना स्टेशन रोड पर अपराध क्रमांक 615/2026 अंतर्गत धारा 309(4) एवं 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार के निर्देशन में थाना स्टेशन रोड पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरियादी के कर्मचारी फरदीन पिता फिरोज खान (22), निवासी वेदव्यास कॉलोनी, रतलाम  की गतिविधियां संदिग्ध पाईं। पुलिस ने फरदीन को हिरासत में लेकर की गहन पूछताछ की तो उसने पूरी साजिश कबूल कर ली।

ये भी पढ़ें

WhatsApp पर 'OK' मैसेज बना लूट का संकेत

पूछताछ में सामने आया कि जैसे ही 40 लाख रुपए फरदीन के पास पहुंचे, उसने WhatsApp पर "OK" लिखकर अपने साथियों को पूर्व निर्धारित संकेत भेज दिया। इसके बाद उसका भाई फैज पिता फरोज खान और साथी असबाब पिता सलीम रंगरेज, निवासी हाट रोड, रतलाम ब्लिंकिट कंपनी की वर्दी पहनकर स्कूटी से मौके पर पहुंचे और पूर्व नियोजित योजना के अनुसार लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी असबाब पहले ब्लिंकिट कंपनी में कार्य कर चुका था। पुलिस की नजरों से बचने और वारदात को वास्तविक डिलीवरी एजेंट की तरह दिखाने के उद्देश्य से उसी कंपनी की वर्दी का इस्तेमाल किया।

पूरी 40 लाख रुपए की नगदी बरामद

पुलिस ने आरोपी फरदीन की निशानदेही पर उसके घर तथा आरोपी असबाब के घर के स्टोर रूम से घटना में लूटी गई पूरी 40 लाख रुपए की नगदी बरामद कर ली है। पुलिस अब फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। साथ ही उनके अन्य जिलों में दर्ज आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें

इनकी सराहनीय भूमिका रही

पूरे मामले के खुलासे में निरीक्षक जितेन्द्रपाल सिंह जादौन (थाना प्रभारी स्टेशन रोड), उप निरीक्षक जितेन्द्र सिंह कनेश, मुकेश सस्तिया, विजय बामनिया, शिवेंद्र कुमार, उप निरीक्षक (रे.) नवलसिंह मिनावा, प्रधान आरक्षक मुकेश सिंह चौहान, अभिषेक पाठक, नीलेश पाठक, शान्तिलाल डिण्डोर, आरक्षक लाखन सिंह, रीतेश यादव, निर्मल कटारा (सीएसपी कार्यालय), प्रधान आरक्षक हेमंत पंवार तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, आरक्षक विपुल भावसार, राहुल पाटीदार, तुषार सिसौदिया, पारस चावला एवं देवेन्द्र डोडिया की सराहनीय भूमिका रही।