उत्कर्ष-2026 : SYSITS में ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों को मिला करियर मार्गदर्शन, Gen Z, Gen Alpha और Millennials की विशेषताएं भी बताई
श्री योगीन्द्र सागर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट में उत्कर्ष 2026 ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित हुआ। नवप्रवेशित विद्यार्थियों को करियर, उच्च शिक्षा, अनुशासन, रोजगार और बदलते करियर रुझानों की जानकारी दी गई।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । श्री योगीन्द्र सागर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट (SYSITS), रतलाम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के साथ ओरिएंटेशन प्रोग्राम ‘उत्कर्ष 2026’ का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करने के उद्देश्य से कार्यक्रम में संस्थान के बीटेक, बीबीए, एमबीए, बीएससी माइक्रोबायोलॉजी, बीएससी सीड टेक्नोलॉजी एवं बीए एलएलबी ऑनर्स के नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के संस्थापक गोपाल प्रसाद शर्मा (टंच) एवं विशेष अतिथि मुकेश गुप्ता ( आईटी ऑफिसर- शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, जावरा) ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इस मौके पर विशेष अतिथि गुप्ता ने विद्यार्थियों को उनके विषयों की उपयोगिता, उच्च शिक्षा के विकल्प, करियर के विभिन्न अवसरों तथा भविष्य में आने वाली चुनौतियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित करने, समय का सदुपयोग करने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा निरंतर मेहनत के माध्यम से अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई, अपने कर्तव्यों, आगामी अकादमिक सत्र तथा करियर के प्रति पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं जागरूकता के साथ अपने दायित्वों का निरंतर निर्वहन करने की शपथ भी दिलाई।
संस्थापक ने साझा किए अपने अनुभव
संस्थान के संस्थापक गोपाल प्रसाद शर्मा (टंच) ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए संस्थान के संस्थापक के रूप में अपने अनुभव साझा किए तथा कॉलेज जीवन में सफलता के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं प्रेरणा दी। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
डिग्री के साथ व्यक्तित्व विकास पर जोर
संस्थान के सहसंचालक वरदान शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कॉलेज जीवन केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व विकास, ज्ञान अर्जित करने और अपने करियर की मजबूत नींव रखने का महत्वपूर्ण समय है। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, संचार कौशल, नेतृत्व क्षमता एवं नैतिक मूल्यों को विकसित करने पर विशेष जोर दिया।
ये भी पढ़ें
शैक्षणिक गतिविधियों और सुविधाओं से कराया अवगत
सहसंचालक उमेश शर्मा ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, विभिन्न विषयों, उपलब्ध सुविधाओं तथा भविष्य में रोजगार एवं करियर के अवसरों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समस्त विषयों के विभागाध्यक्षों के साथ उपस्थित प्राध्यापकों द्वारा छात्र-छात्राओं को विषय सामग्री उपलब्ध कराई गई है, जो उनके अध्ययन में पूरे वर्ष उपयोगी रहेगी।
बदलते करियर ट्रेंड्स पर भी हुई चर्चा
संस्था के निदेशक डॉ. लोकेन्द्र विक्रम सिंह ने ‘उत्कर्ष 2026’ ओरिएंटेशन प्रोग्राम के दौरान विद्यार्थियों के साथ अपने व्यापक शैक्षणिक एवं क्षेत्रीय अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को बदलते समय के अनुरूप भविष्य के अवसरों को पहचानने एवं उन्हें प्रभावी ढंग से हासिल करने के लिए प्रेरित और मार्गदर्शित किया।
उन्होंने बीटेक, बीबीए, एमबीए, बीएससी माइक्रोबायोलॉजी, बीएससी सीड टेक्नोलॉजी एवं बीए एलएलबी ऑनर्स सहित विभिन्न क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उनके करियर विकास एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए उपयोगी जानकारी प्रदान की। साथ ही उन्होंने जेन जी, जेन अल्फा और मिलेनियल्स की विशेषताओं तथा बदलते करियर रुझानों पर भी विद्यार्थियों के साथ अपने विचार साझा किए।
संचालन प्रो. अंशिता शर्मा, प्रो. मनीषा राठौर एवं प्रो. टीना हसले ने किया। अतिथियों, शिक्षकों, अनुशासन समिति एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों का आभार डीन एकेडमिक प्रो. गोविन्द झंवर ने व्यक्त किया।
ये भी पढ़ें







