जिला स्तरीय व्याख्यानमाला : रॉयल कॉलेज में युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर दिया जोर, महर्षि अरविंद के विचारों से संस्कार और चेतना का दिया संदेश

रतलाम में महर्षि श्री अरविंद जयंती पखवाड़े के तहत जिला स्तरीय व्याख्यानमाला में युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर जोर दिया गया। नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

जिला स्तरीय व्याख्यानमाला : रॉयल कॉलेज में युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर दिया जोर, महर्षि अरविंद के विचारों से संस्कार और चेतना का दिया संदेश
श्री महर्षि अरविंद जयंती पखवाड़े के तहत रॉयल कॉलेज में जिला स्तरीय व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रॉयल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड एडवांस्ड स्टडीज, सालाखेड़ी कैंपस रतलाम में महर्षि श्री अरविंद के राष्ट्रभक्ति, आध्यात्म और समग्र शिक्षा के विचारों को युवाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से रतलाम में जिला स्तरीय व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल भौतिक विकास से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए युवाओं में संस्कार, नैतिक मूल्य, आध्यात्मिक चेतना और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी जरूरी है। 

महर्षि श्री अरविंद जयंती पखवाड़े के अंतर्गत जिला स्तरीय व्याख्यानमाला का आयोजन मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला रतलाम द्वारा किया गया। इसका उद्देश्य महर्षि श्री अरविंद के स्वतंत्रता संग्राम में क्रांतिकारी योगदान, उनके जीवन दर्शन, शिक्षा संबंधी विचारों एवं राष्ट्र निर्माण की अवधारणा को जनमानस, विशेषकर युवाओं तक पहुंचाना था। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, महर्षि श्री अरविंद एवं श्री मां के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। रॉयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन प्रमोद गुगालिया ने सभी अतिथियों का शॉल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ से स्वागत किया।

स्वागत उद्बोधन मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय ने दिया। व्याख्यानमाला में बीकानेर राजगुरु निर्वाण पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर परम पूज्य स्वामी विशोकानंद भारती ने राष्ट्रभक्ति एवं आध्यात्म के माध्यम से राष्ट्र निर्माण विषय पर युवाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि महर्षि श्री अरविंद के जीवन में राष्ट्रभक्ति और आध्यात्म का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना को अपनाकर सशक्त राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनें।

ये भी पढ़ें

शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के समग्र विकास पर जोर

अखंड ज्ञान आश्रम के स्वामी संत देव स्वरूपानंद ने कहा कि महर्षि श्री अरविंद का जीवन आत्मविकास के साथ राष्ट्र और समाज के विकास की प्रेरणा देता है। उनका शिक्षा दर्शन व्यक्ति के शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करता है। रतलाम विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष ने कहा कि महर्षि श्री अरविंद ने ऐसे भारत की कल्पना की थी, जिसमें युवा अपनी प्रतिभा, संस्कार और राष्ट्रीय चेतना के माध्यम से देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि भौतिक प्रगति के साथ हमारी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक जड़ों को मजबूत बनाए रखना आवश्यक है।

नागरिक कर्तव्य और सामाजिक उत्तरदायित्व को राष्ट्र निर्माण से जोड़ा

न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रतलाम, नीरज पवैया ने महर्षि श्री अरविंद के विचारों को नागरिक कर्तव्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ते हुए कहा कि जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला होता है। अरविंद सोसायटी से प्राध्यापक ऋतम् उपाध्याय ने कहा कि महर्षि श्री अरविंद का शिक्षा दर्शन युवाओं के व्यक्तित्व के समग्र विकास पर आधारित है। उनके विचार विद्यार्थियों को केवल रोजगार के लिए नहीं, बल्कि संवेदनशील, संस्कारित, जागरूक और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।

ये भी पढ़ें

पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति का संदेश

पर्यावरणविद् एवं जिला जन अभियान समिति, रतलाम के पूर्व उपाध्यक्ष अशोक पाटीदार ने महर्षि श्री अरविंद के प्रकृति एवं मानव जीवन के समन्वय संबंधी विचारों का उल्लेख करते हुए त्रिवेणी वन रोपण अभियान की जानकारी दी तथा पर्यावरण संरक्षण एवं पौधरोपण का संदेश दिया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी की बीके सविता दीदी ने महर्षि श्री अरविंद के आत्मचेतना और सकारात्मक जीवन संबंधी विचारों पर प्रकाश डालते हुए नशामुक्त भारत निर्माण के लिए “10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा” अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

नशामुक्ति की शपथ दिलाई

कार्यक्रम के उपरांत महाविद्यालय परिसर में उपस्थित विद्यार्थियों एवं नागरिकों को नशामुक्ति एवं स्वैच्छिकता की शपथ दिलाई गई। साथ हीएक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत त्रिवेणी के पौधों का रोपण भी किया गया। कार्यक्रम में महर्षि पं. संजय शिवशंकर दवे, महर्षि अरविंद सोसायटी के चेयरमैन सतीश पंड्या एवं रॉयल ग्रुप के डायरेक्टर डॉ. उबेद अफजल सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें

इन्होंने की सहभागिता

संचालन महावीरदास बैरागी ने किया। आभार प्रदर्शन रॉयल कॉलेज प्रशासन के प्रो. दिनेश राजपुरोहित ने किया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक मुकेश कटारिया, निर्मल अमलियार, शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, रतनलाल चरपोटा एवं विजयेश राठौड़, रॉयल कॉलेज के शिक्षा विभाग के प्राचार्य डॉ. आर. के. अरोड़ा, प्रबंधन विभाग के प्राचार्य डॉ. प्रवीण मंत्री, कॉमर्स विभागाध्यक्ष डॉ. अमित शर्मा, लाइफ साइंस विभागाध्यक्ष प्रो. कपिल केरोल, कम्प्यूटर विभाग की विभाग प्रमुख प्रो. दीपिका कुमावत एवं नर्सिंग कॉलेज की उप-प्राचार्य ज्योत्सना सोलंकी सहित बड़ी संख्या में नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, सीएमसीएलडीपी के छात्र, समिति पदाधिकारी, रॉयल कॉलेज के विद्यार्थी एवं स्टॉफ, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद् एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।