एचडीएफसी बैंक में ग्राहक के बैग से 2.21 लाख रुपए चोरी, पुलिस ने देखे सीसीटीवी फुटेज, आरोपियों की तलाश जारी

मप्र के रतलाम स्थित एचडीएफसी बैंक में एक ग्राहक के बैग से 2.21 लाख रुपए चोरी हो गई। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है।

Feb 20, 2024 - 16:47
 0
एचडीएफसी बैंक में ग्राहक के बैग से 2.21 लाख रुपए चोरी, पुलिस ने देखे सीसीटीवी फुटेज, आरोपियों की तलाश जारी
रतला में एचडीएफसी बैंक में ग्राहक के बैग से रुपए चोरी।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर के स्टेशन रोड स्थित एचडीएफसी बैंक में रुपए जमा कराने के लिए कतार में खड़े एक निजी कंपनी के कर्मचारी के बैग से 2 लाख 21 हजार रुपए से अधिक चोरी हो गए। उन्होंने स्टेशन रोड पुलिस थाने पहुंच कर अज्ञात चोरों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवाई।

जानकारी के अनुसार वारदात सीएमएस इंफो सिस्टम लिमिटेड कंपनी में एटीएम कैश लोडिंग व कैश पिकअप करने वाले उत्सव ओझा के साथ हुई। ओझा ने एवीएण फाइनेंस लिमिटेड के कार्यालय से 2 लाख 21 हजार 280 रुपए लेकर अपने बैग में रखे थे। वे रुपए जमा कराने के लिए एचडीएफसी बैंक की स्टेशन रोड शाखा पहुंचे। यहां रुपए जमा कराने वाले काउंटर पर ग्राहकों की कतार लगी थी। इससे उत्सव भी कतार में लग गए। ओझा से आगे चार-पांच ग्राहक खड़े थे।

उत्सव अपना नंबर आने के इंतजार करने लहे। इसी दौरान वे बैंक के गार्ड से बातें करने लगे। अपना नंबर आने पर उन्होंने रुपए निकालने के लिए बैग में हाथ डाला तो रुपए नहीं मिले, आईडी कार्ड भी नहीं मिला। ओझा ने गार्ड को बताया और बैग को पुनः खंगाला लेकिन कुछ नहीं मिला।

पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश

उत्सव ओझा ने स्टेशन रोड थाने पहुंच कर मामले की जानकारी दी। ओझा की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भादंवि की धारा 379 में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा बैंक के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे गए हैं और अन्य लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।