चोरी की शंका में दलित युवक को पेड़ से बांधकर पीटने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने की कार्रवाई

चोर समझ कर दलित युवक को बेरहमी से पीटने वाले चार लोगों को ताल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवक के साथ घटना तब घटी जब वह मजदूरी कर बस स्टैंड से गांव पैदल लौट रहा था।

Sep 24, 2024 - 10:23
 0
चोरी की शंका में दलित युवक को पेड़ से बांधकर पीटने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने की कार्रवाई
पीड़ित युवक श्रवण जिसे चोर समझ कर मारपीट की गई।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । चोरी की शंका में दलित युवक से मारपीट करने वाले 4 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी है कि आरोपियों ने युवक को पेड़ से बांधकर उसके साथ मारपीट की थी।

मामला ताल थाना क्षेत्र का है। एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें दिख रहे युवक को पेड़ से बांधकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी। इस जो युवक नजर आ रहा है वह ताल थाना क्षेत्र के नासिरगंज का निवासी होकर श्रवण पिता केशूराम भुवान (चंद्रवंशी) है। मामला संज्ञान में आने पर पुलिस ने जानकारी निकाली तो पता चला कि 62 वर्षीय केशूराम के पुत्र श्रवण को गत 18 सितंबर 2024 को टुंगनी गांव के दशरथ सिंह पिता ईश्वर सिंह, धर्मेंद्रसिंह पिता भगवानसिंह, बबलू पिता ईश्वरसिंह सिसौदिया एवं बाबूलाल पिता नानूराम हाड़ा ने पेड़ बांध दिया था।

आरोपियों ने उसके साथ लकड़ियों और लात-घूंसों से मारपीट की थी। पिता केशूराम रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 126(2), 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस, 3(1)द, 3(1)ध, 3(2)VA SC-ST ACT में प्रकरण पंजीबद्ध किया था। पुलिस के अनुसार आरोपियों दशरथसिंह, धर्मेन्द्रसिंह, बबलू सिसौदिया और बाबूलाल हाड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

पैदल गांव लौट रहा था, लोगों ने चोर समझ लिया

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार श्रवण गुजरात में मजदूरी करता है। वह घटना वाले दिन रात लगभग 12 बजे मजदूरी कर बस से लौटा था। वह ताल में बस से उतरने के बाद पैदल ही अपने गांव नासिरगंज जा रहा था, तभी उसके पीछे कुत्ते पड़ गए। वह कुत्तों से बचने के लिए भागने लगा तभी। इस दौरान उसे कुछ ग्रामीणों ने उसे चोर समझ कर रोक लिया। उसने वस्तुस्थिति बताई लेकिन ग्रामीणों ने उसे पेड़ से बांध दिया और मारपीट करने लगे। इसमें युवक के हाथ-पैर फ्रैक्चर हो गए थे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।