अंदाज-ए-बयां और : ट्रैक्टर पर सवार होकर नामांकन दाखिल करने पहुंचे भाजपा ग्रामीण प्रत्याशी मथुरालाल डामर, 'अबकी बार 60 हजार पार' के लगे नारे

रतलाम ग्रामीण विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी मथुरालाल डामर ने गुरुवार को नामांकन फॉर्म दाखिल कर दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अबकी बार 60 हजार पार का नारा बुलंद किया।

Oct 26, 2023 - 19:01
Oct 27, 2023 - 14:03
 0
अंदाज-ए-बयां और : ट्रैक्टर पर सवार होकर नामांकन दाखिल करने पहुंचे भाजपा ग्रामीण प्रत्याशी मथुरालाल डामर, 'अबकी बार 60 हजार पार' के लगे नारे
नामांकन रैली में ट्रैक्टर ड्राइव करते भाजपा के रतलाम ग्रामीण विधानसभा से प्रत्याशी मथुरालाल डामर।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रतलाम ग्रामीण विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी मथुरालाल डामर का गुरुवार को अलग अंदाज देखने को मिला। वे खुद ट्रैक्टर ड्राइव करते हुए नामांकन फॉर्म दाखिल करने पहुंचे। पारंपरिक वेशभूषा धोती-कुर्ते में नजर आए मथुरा बा का यह अंदाज देख कर कार्यकर्ता भी काफी उत्साहित नजर आए।

रतलाम ग्रामीण प्रत्याशी मथुरालाल डामर की नामांकन रैली फोरलेन पर सालाखेड़ी स्थित मिडवे ट्रीट के पास से शुरू होकर पुराने कलेक्टर कार्यालय पर समाप्त हुई। नामांकन रैली में भाजपा जिलाध्यक्ष, सांसद के अलावा पूर्व मंत्री हिम्मत कोठारी, आरडीए अध्यक्ष अशोक पोरवाल, जनपद अध्यक्ष, पद्मा जायसवाल आदि शामिल हुए। रैली में शामिल हुए कार्यकर्ता ‘अबकी बार 60 हजार पार’ का नारा लगाते हुए जोश के साथ चल रहे थे। नामांकन रैली का कार्यकर्ताओं द्वारा जगह - जगह भव्य स्वागत किया गया। प्रत्याशी डामर ने पुराने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ग्रामीण विधानसभा रिटर्निंग अधिकारी त्रिलोचन गौड़ को अपना नामांकन पत्र सौंपा।

इसी तरह ट्रैक्टर से पहुंचेंगे विधानसभा- डामर

प्रत्याशी डामर ने कहा कि मैं खुद एक किसान हूं और आज भी खेती करता हूं। मेरा क्षेत्र किसानों का है। जिस तरह ट्रैक्टर से नामांकन दाखिल किया है, उसी तरह ट्रैक्टर से विधानसभा पहुंचेगे। रतलाम ग्रामीण में भाजपा प्रचंड बहुमत से विजय होगी। किसान भाइयों के लिए भाजपा ने अब तक कार्य किया है। अब जो कार्य अधूरे हैं उनको पूरा किया जाएगा। सड़क, बिजली और पानी की मूलभूत सुविधाएं भाजपा शासन में मिलती आ रही हैं, इसे और व्यवस्थित किया जाएगा।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।