मिसाल संस्कारों की ! जैन सोशल ग्रुप रतलाम मैत्री परिवार के बच्चों की अनूठी पहल, बचत के पैसों से गौशाला में गौमाता के लिए किया 56 भोग महोत्सव
जेएसजी मैत्री परिवार ने गोमाताओं के लिए 56 भोग का आयोजन किया। इसमें समाज के बच्चों ने अपनी बचत के पैसों से सारी वस्तुएं और व्यवस्थाएं जुटाई।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । सामाजिक कार्य में हमेशा अग्रणी रहने वाले जैन सोशल ग्रुप मैत्री ने सेवा और संस्कार की भावना का परिचय देते हुए गौशाला में गौ माता के लिए 56 भोग महोत्सव का आयोजन किया। इसमें सबसे बड़ा योगदान मैत्री परिवार के सदस्य दंपतियों के छोटे-छोटे बच्चों का रहा। उन्होंने अपनी पॉकेट मनी और बचत की राशि से पूरा आयोजन कर सेवा की मिसाल प्रस्तुत की।
रामनवमी के अवसर पर रविवार सुबह सगोद रोड स्थित श्री जैन दिवाकर गौशाला में गौमाताओं के लिए 56 भोग महोत्सव का आयोजन जेएसजी मैत्री ने किया। जेएसजी मैत्री के अध्यक्ष राहुल नवलक्खा और सचिव सचिन मांडोत ने कार्यभार ग्रहण करने से पहले गौ माता की सेवा का यह अनूठा आयोजन किया। नवलक्खा ने बताया कि गौमाता के लिए तैयार पकवान में सूखे मेवे, मिठाइयां, पकवान, फल, सब्जियां आदि वस्तुएं टेबलों पर बुफे के रूप में सजाई गईं ताकि गायों को इन वस्तुओं को ग्रहण करने में परेशानी नहीं हो।
यह सामग्री रही 56 भोग में शामिल
गायों के लिए आयोजित 56 भोग किसी शादी या अन्य मांगलिक समारोह के रिसेप्शन से कम नजर नहीं आ रहा था। नवलक्खा ने बताया कि 56 भोग में 8 प्रकार के अनाज, 8 प्रकार के मेवे, 15 प्रकार की सब्जियां, 8 प्रकार के फल, 8 प्रकार की दालें भेंट की गईं। आहार में अंकुरित अनाज, गुड़, नान खताई, लाप्सी, खोपरा, पूड़ी, जलेबी, गुलाब जामुन, पेठा, दलिया, भूसा, दालें, सब्जियां, कई तरह के फल करीब 300 से अधिक गायों के लिए यह भोग तैयार कर सजाया गया था।
इससे पूर्व सेवा कार्य का शुभारंभ मध्य प्रदेश रीजन के उपाध्यक्ष ललित काँठेड़, मध्य प्रदेश रीजन चुनाव अधिकारी दीपेंद्र कोठारी, मध्य प्रदेश रीजन पूर्व अध्यक्ष प्रीतेश गादिया, मध्य प्रदेश रीजन कोषाध्यक्ष अमित कोठारी, वर्धमान स्थानकवासी जैन संघ नीम चौक के वरिष्ठ इंदरमल जैन, महेंद्र बोथरा आदि ने की। इसके बाद गौ पूजन और आरती की गई।
बच्चों ने लिया लाभ
आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि इसका पूरा लाभ जेएसजी मैत्री परिवार के सदस्य दंपति के बच्चों ने लिया। लगभग 33 बच्चों ने अपनी पॉकेट मनी और बचत की हुई राशि से पूरा आयोजन का खर्च उठाया। इन सभी बच्चों का जेएसजी मैत्री परिवार द्वारा बहुमान किया गया। अंत में आभार जेएसजी मैत्री के सचिव सचिन मांडोत ने माना।
यह रहे मौजूद
आयोजन में जेएसजी मैत्री परिवार के संस्थापक अध्यक्ष अमित कोठारी, पूर्व अध्यक्ष वैभव मेहता, नीलेश कोठारी, मयंक कोठारी, तरुण डांगी, मनोज अग्रवाल, राहुल सकलेचा, सौरभ कोठारी, संजय पुंगलिया, नयन मूणत, विनय वोहरा, सिद्धार्थ कोठारी, आशीष नवलखा, सिद्धार्थ बोराणा, वैभव धारीवाल, विशाल चोपड़ा, रौनक चोपड़ा, दीपक सेलोत, आकाश कोठारी, अर्पित संघवी, भावेश गादिया, सौरभ वोहरा, विपिन श्रीमाल, अमृत कटारिया, विनोद बाफना, नवयुवक मंडल नीम चौक से अध्यक्ष आशीष कटारिया, वीरेंद्र कटारिया, अरिहंत बोराणा, पंकज पटवा आदि सहित जेएसजी रतलाम के विभिन्न ग्रुपों के अध्यक्ष, सचिव भी मौजूद रहे।