रतलाम पुलिस की बड़ी कॉम्बिंग गश्त ! 33 स्थाई और 61 गिरफ्तारी वारंट तामील, गुंडे-बदमाशों पर कसा शिकंजा
रतलाम पुलिस ने जिलेभर में विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाकर 33 स्थाई और 61 गिरफ्तारी वारंट तामील किए। जिलाबदर, हिस्ट्रीशीटर और निगरानी बदमाशों की भी सघन चेकिंग की गई।
पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर जिलेभर में चला विशेष अभियान, जिलाबदर, हिस्ट्रीशीटर और निगरानी बदमाशों की हुई चैकिंग
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से रतलाम पुलिस ने शनिवार-रविवार की दरमियानी रात व्यापक स्तर पर कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस महानिदेशक, पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार एसपी अमित कुमार की अगुवाई में जिले के सभी अनुभागों में विशेष कार्रवाई की गई। इस दौरान 33 स्थायी और 61 गिरफ्तारी वारंट तामील कराए गए।
अभियान एएसपी विवेक कुमार के मार्गदर्शन में संचालित हुआ। इसमें सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, रतलाम एसडीओपी किशोर पाटनवाला, जावरा सीएसपी युवराज सिंह चौहान, जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय, सैलाना एसडीओपी नीलम बघेल, आलोट एसडीओपी पल्लवी गौर, डीएसपी अजय सारवान तथा आनंद स्वरूप सोनी के नेतृत्व में संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिसकर्मियों की टीमों ने भाग लिया।
रतलाम सीएसपी घनघोरिया ने पुराने कंट्रोल रूम पर रतलाम शहर अनुभाग के पुलिस बल की ब्रीफिंग की और कॉम्बिंग गश्त के लिए टीमों को रवाना किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख मार्गों पर पैदल भ्रमण कर गुंडे-बदमाशों की चेकिंग की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने जनसंवाद के माध्यम से आम नागरिकों से चर्चा कर कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील भी की।
ये भी पढ़ें
कॉम्बिंग गश्त के दौरान जिलेभर में पुलिस ने विभिन्न प्रकरणों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 33 स्थाई वारंट तथा 61 गिरफ्तारी वारंट तामील कराए गए। इसके साथ ही जिलाबदर अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों, निगरानीशुदा बदमाशों और अन्य असामाजिक तत्वों की सघन चेकिंग एवं निगरानी की गई।
कार्रवाई रहेगी जारी
रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के लिए गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी।
ये भी पढ़ें







