रतलाम जिले को मिले 3 लाख 90 हजार पीवीसी आयुष्मान कार्ड, 27 जून से होगा वितरण, जेनेटिक काउंसिलिंग कार्ड भी बांटे जाएंगे

रतलाम जिले के हितग्राहियों को 27 जून को पीवीसी अयुष्मान कार्ड और एनीमिया व सिकल सेल पीड़ितों को जेनेटिक काउंसिल कार्य वितरित किए जाएंगे।

Jun 26, 2023 - 22:32
Jun 26, 2023 - 22:55
 0
रतलाम जिले को मिले 3 लाख 90 हजार पीवीसी आयुष्मान कार्ड, 27 जून से होगा वितरण, जेनेटिक काउंसिलिंग कार्ड भी बांटे जाएंगे
पीवीसी आयुष्मान कार्ड।

सैलाना एवं बाजना विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में सिकल सेल एनीमिया के मरीजों को जेनेटिक काउंसिलिंग कार्ड का वितरण होगा

एसीएन टाइम्स @ रतलाम  रतलाम जिले में आयुष्मान कार्ड के पात्र हितग्राहियों के लिए 3 लाख 90 हज़ार 193 पीवीसी आयुष्मान कार्ड प्राप्त हुए हैं। रतलाम जिले के नगरीय निकाय मुख्यालय, जनपद पंचायत मुख्यालय एवं ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर पीवीसी आयुष्मान कार्ड का वितरण किया जाएगा।

सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर ननावरे ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर कमलों से शहडोल जिले में 27 जून को दोपहर 3.00 बजे प्रदेश के एक करोड़ लोगों के लिए पीवीसी आयुष्मान कार्ड वितरण कार्यक्रम एवं सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन 2047 का शुभारंभ किया जाएगा। इसका वेबकास्ट के माध्यम से सभी कार्यक्रम स्थलों पर ऑनलाइन प्रसारण किया जाएगा। आयुष्मान कार्ड के शेष पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड आने पर क्रमशः प्रदान किए जाएंगे। नगरीय निकाय रतलाम का कार्यक्रम विधायक सभागृह बरबड़ सैलाना रोड पर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयुष्मान कार्ड पात्र हितग्राहियों को प्रदान किए जाएंगे। अन्य सभी क्षेत्रों पर कार्यक्रमों के दौरान संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयुष्मान कार्ड प्रदान किए जाएंगे।

आशा करेंगी ईकेवायसी

आयुष्मान कार्ड प्रदान करते समय आशा कार्यकर्ताओं द्वारा पात्र हितग्राहियों का ईकेवाईसी किया जाएगा ताकि पात्र हितग्राही को आयुष्मान कार्ड प्राप्त होने संबंधी वैलिडेशन किया जा सके। इस संबंध में कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने टीएल बैठक के दौरान सभी एसडीएम, सीईओ जनपद, सीएमओ नगरपालिका क्षेत्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यक्रम का सुचारु संचालन किए जाने के निर्देश दिए हैं।

जेनेटिक काउंसलिंग कार्ड का होगा वितरण

डॉ. प्रभाकर ननावरे  ने बताया कि सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन के अंतर्गत सैलाना एवं बाजना विकासखंड के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर सिकल सेल एनीमिया की स्क्रीनिंग करते हुए जेनेटिक काउंसलिंग कार्ड का वितरण पात्र हितग्राहियों को किया जाएगा ताकि बीमारी से बचाव किया जा सके। आयुष्मान कार्ड वितरण कार्यक्रम के दौरान योजना अंतर्गत उपचार लाभ प्राप्त कर चुके हितग्राहियों द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव भी दिया जाएगा।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।