बुराइयां उजागर करना, अच्छाइयां सामने लाना और समाज को जागृत करना रतलाम के पत्रकारों की खूबी- कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप

पत्रकारिता के भाल पर उत्कृष्टता का तिलक थीम पर रतलाम प्रेस क्लब का दूसरा उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार वितरण समारोह रविवार को संपन्न हुआ। इस दौरान कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप के मुख्य आतिथ्य में संस्था के पत्रकारों की उत्कृष्ट खबरों को पुरस्कृत किया गया।

बुराइयां उजागर करना, अच्छाइयां सामने लाना और समाज को जागृत करना रतलाम के पत्रकारों की खूबी- कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप
सदस्य उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार प्राप्त करने वाले रतलाम प्रेस क्लब के पत्रकार

रतलाम प्रेस क्लब का द्वितीय उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । पत्रकारिता का मूल आधार है समाचार। समाचार क्या है, क्या जानना आवश्यक है यह समझना जरूरी है। समाज में जागृति लाना, बुराइयों को उजागर करना और अच्छाइयों को सामने लाना, यह काम रतलाम के लिए पत्रकारों ने बखूबी किया है और पत्रकारिता को एक अलग मुकाम पर ले जाकर खड़ा कर दिया है। पुरस्कार का अलग महत्व है। आज निर्णायकों ने पुरस्कार हेतु खबरों के चयन के जो आधार बताएं हैं, वे महत्वपूर्ण हैं। जब भी निष्पक्ष प्रतियोगिता होती है और पुरस्कारों की घोषणा होती है तो उलटफेर भी होते हैं।

यह बात रतलाम प्रेस क्लब के द्वितीय उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार वितरण समारोह में जेएमडी पैलेस में प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री चेतन्य काश्यप ने कही। "पत्रकारिता के भाल पर उत्कृष्टता का तिलक" थीम पर आधारित समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, समाजसेवी प्रवीण सोनी, कलेक्टर राजेश बाथम, एसपी राहुल कुमार लोढ़ा, स्पर्धा के निर्णायक वरिष्ठ पत्रकार ललित उपमन्यु, सुधीर गोरे, हर्षवर्धन प्रकाश, सचिन बोंदरिया, संस्था अध्यक्ष मुकेशपुरी गोस्वामी एवं सचिव यर्श शर्मा ‘बंटी’ मंचासीन रहे।

रतलाम प्रेस क्लब ने कर दिया मुश्किल काम

मंत्री काश्यप ने अपनी बात को जारी रखते हुए कहा कि किसी भी नए काम को प्रारंभ करना तो आसान है परंतु उसे निरंतरता से चलाते रहना बहुत मुश्किल है। रतलाम प्रेस क्लब ने इस मुश्किल कार्य को भी बखूबी कर दिखाया है। अपने ही साथियों के बीच से श्रेष्ठ को चुनना और फिर उन्हें मंच पर लाकर सम्मानित करना, अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। रतलाम प्रेस क्लब ने जो आयोजन कर दिखाया है, वैसे आयोजन संभवत: पूरे प्रदेश में कहीं नहीं होता।

बुराई और अच्छाई दोनों दिखाना है महत्वपूर्ण- प्रदीप उपाध्याय

विशेष अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि पत्रकारिता वही है जो समाज की बुराइयां, कमियां भी दिखाए और अच्छाइयों को भी सराहे। इसमें रतलाम की पत्रकारिता सदैव ही आगे रही है। यहां से अनेकों पत्रकार राष्ट्रीय स्तर पर आज काम कर रहे हैं और यहां भी राष्ट्रीय स्तर की खबरें लिखी जा रही हैं। यह आयोजन उन्हें पुरस्कृत करने का ही नहीं बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव जागृत करने का समारोह है। रतलाम में हुआ यह आयोजन सभी के लिए गर्व का विषय है। इसमें हम सबकी सहभागिता हर्ष की बात है।

रतलाम जैसी एकता कहीं और नहीं

कलेक्टर राजेश बाथम ने कहा कि रतलाम में पत्रकार काफी एक्टिव हैं और समस्याओं को तत्काल उजागर करते हैं। इससे हमें भी कई बार इनका निराकरण समय रहते करने में मदद मिलती है। यहां पत्रकार जिस तेजी से समस्याएं उठाते हैं, उतनी गति से कई बार हम उनका निराकरण नहीं कर पाते, इससे कभी-कभी हमें खीज भी होती है।

एसपी राहुल कुमार लोढ़ा ने कहा कि रतलाम के पत्रकारों का संगठित होकर एक ग्रुप के रूप में कार्य करना अपने आप में अनूठी बात है। डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के इस दौर में जहां ब्रेकिंग और तत्काल खबर देने का काफी दबाव होता है, वहां इतनी जिम्मेदारी के साथ खबर प्रेषित करना उल्लेखनीय बात है।

चुनाव करना हमारे लिए थी परीक्षा

सभी प्रविष्टियों का अध्ययन कर श्रेष्ठ खबर का चयन करने वाले वरिष्ठ पत्रकार इंदौर के ललित उपमन्यु ने कहा कि रतलाम से उनका पुराना नाता है। जिस रफ्तार से रतलाम विकास कर रहा है, बदल रहा है, उसी रफ्तार से रतलाम की पत्रकारिता भी बदली है। पुरस्कार के लिए चयन हेतु रतलाम से भेजी गई हर खबर अपने आप में इतनी अच्छी थी कि हमारे लिए श्रेष्ठ का चुनाव करना किसी परीक्षा से कम नहीं था।

निर्णायक एवं पत्रकार सुधीर गोरे ने कहा कि रतलाम जैसे छोटे शहर में बैठकर जिस तरह की पत्रकारिता की जा रही है, उसे देखकर हर्ष होता है। सीमित संसाधनों के बीच भी इस तरह की पत्रकारिता और ऐसा आयोजन बड़े शहरों में भी नहीं हो रहा है। यह पत्रकार जगत के लिए गर्व की बात है। निर्णायक और कृषक जगत समाचार पत्र के संपादक सचिन बोंदरिया ने कहा कि भारत की मूल आत्मा कृषि है, आप लोग कृषि से जुड़ी समस्याओं और उपलब्धियों पर भी खबरें प्रकाशित करें।

इन्हें मिले पुरस्कार

लाइफ टाइम अचीवमेंट

  • शरद जोशी (स्वदेश) : स्व. बी. एल. मीणा एवं स्व. वंदना मीणा स्मृति पुरस्कार

डिजिटल मीडिया श्रेणी

  • असीम राज पांडेय (वंदे मातरम् न्यूज . कॉम) : स्व. रमेश शर्मा स्मृति पुरस्कार
  • नीरज कुमार शुक्ला (एसीएन टाइम्स . कॉम) : स्व. कैलाश बरमेचा स्मृति पुरस्कार
  • के. के. शर्मा (वंदे मातरम् न्यूज . कॉम) व दिव्यराज सिंह राठौर (डी.बी. डिजिटल) : स्व. इंदरमल कटारिया स्मृति पुरस्कार

प्रिंट मीडिया श्रेणी

  • कमल सिंह जादव (पत्रिका) : स्व. अमृत नलवाया स्मृति पुरस्कार
  • शिवेंद्र दुबे (दैनिक भास्कर) : स्व. तेजमल लोढ़ा स्मृति पुरस्कार
  • विकल्प मेहता (दैनिक भास्कर) : स्व. पारस मूणत स्मृति पुरस्कार

इलेक्ट्रॉनिक मीडिया

  • सुधीर जैन (न्यूज 18) : स्व. रामनाथ शुक्ल स्मृति पुरस्कार
  • अमित निगम (स्वराज एक्सप्रेस) : स्व. रविंद्र भट्ट स्मृति पुरस्कार
  • साजिद खान (एनडीटीवी) व राजेंद्र केलवा (डिजियाना हलचल) : स्व. शांतिलाल कांठेड़ स्मृति पुरस्कार

फोटोग्राफी श्रेणी

  • स्वदेश शर्मा (पत्रिका) : भगवतीलाल केलवा स्मृति पुरस्कार

    विशेष पुरस्कार

    • सौरभ कोठारी (खबरबाबा . कॉम) : स्व. लक्ष्मीदेवी मूणत स्मृति पुरस्कार

    ग्रामीण पत्रकारिता

    • वीरेंद्र त्रिवेदी (नई दुनिया) : स्व. ओमप्रकाश दवे स्मृति पुरस्कार

    भरोसा इतना कि, कई नए अवॉर्ड की हो गई घोषणाएं

    स्पर्धा में निष्पक्षता और समारोह की गरिमा देखकर आंचलिक पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ सदस्य रमेश टांक ने आंचलिक पत्रकारों के लिए अगले वर्ष से पुरस्कार देने की घोषणा की। पूर्व अध्यक्ष राजेश जैन एवं वरिष्ठ पत्रकार प्रियेश कोठारी ने माताजी स्व. राजल देवी की स्मृति, फोटो जर्नलिस्ट लगन शर्मा ने पिता स्व. गजानन शर्मा ‘मायडियर’ की स्मृति में पुरस्कार देने की घोषणा की। निर्णायक के रूप में पधारे इंदौर के सचिन बोंदरिया ने कृषक जगत की ओर से कृषि पर उत्कृष्ट खबर पर पुरस्कार देने का ऐलान किया। खेल प्रशिक्षक अनुज शर्मा ने खेलों से जुड़ी श्रेष्ठ खबर के लिए पुरस्कार देने की घोषणा की।

    गणमान्यजन ने दिल खोलकर दिया सहयोग

    समारोह में मंत्री काश्यप ने पत्रकार कल्याण कोष के लिए ढाई लाख रुपए का चेक प्रदान किया। उन्होंने कहा कि हर जिले में शासन से पत्रकार सहायता मांगते हैं, लेकिन रतलाम एकमात्र शहर है जिन्होंने शासन से सहायता नहीं मांगी बल्कि अपने दम पर अपने साथियों के लिए कल्याण कोष स्थापित कर लिया है। जवाहर व्यायामशाला और अम्बर परिवार की ओर से सूरज जाट और गौरव जाट ने एक लाख रुपए देने की घोषणा की। चेतन्य काश्यप फाउंडेशन, जीडी अस्पताल और डॉ. लेखराज पाटीदार, प्रवीण सोनी, भाजपा अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, प्रीतेश गादिया, अनिल पिपाड़ा, विजय जैन, सुरेंद्र भाटी, मंसूरअली पटौदी, निमिष व्यास आदि ने भी सहयोग दिया।

    भावुक हुए परिजन, समपर्पित की पुरस्कार की राशि

    समारोह के दौरान दिवंगत पत्रकार साथियों के नाम पर अवॉर्ड देने के दौरान उनके परिजन भी मंच पर मौजूद रहे। अधिकतर दिवंगत पत्रकारों से परिजन इस पल के साक्षी बनकर भावुक हो गए। वरिष्ठ पत्रकार शरद जोशी ने लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार के रूप में प्राप्त राशि रतलाम प्रेस क्लब को पत्रकार कल्याण कोष के लिए सर्पित की। इसी तरह पत्रकार शिवेंद्र दुबे ने माता स्व.  नलिनी दुबे और असीमराज पाण्डेय ने बहन अंशु पाण्डेय की स्मृति में अपनी-अपनी पुरस्कार की राशि संस्था को समर्पित की। इससे पूर्व सर्व प्रथम पं. संजय दवे ने मंत्रोच्चार के साथ सरस्वती पूजन करवाया जिसके बाद अतिथियों का स्वागत संस्था पदाधिकारियों ने किया। स्वागत भाषण और रतलाम प्रेस क्लब भवन के बारे में जानकारी अध्यक्ष मुकेश पुरी गोस्वामी ने दी।

    ये भी रहे मौजूद

    समारोह में निगम अध्यक्ष मनीष शर्मा, पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, समाजसेवी ललित दख, एमआईसी सदस्य भगतसिंह भदौरिया, पूर्व एमआईसी सदस्य गोविंद काकानी, पवन सोमानी, यतेंद्र भारद्वाज, मनीष शर्मा, मोहन मुरलीवाला, जयेश राठौर, शैलेंद्र सिंह अठाना, मंसूरअली पटौदी, सैय्यद मुख्तार शेरानी, गजेंद्र सिंह राठौर, त्रिभुवनेश भारद्वाज, सुनील पारिख, सुनील जैन, पं. संजय शिवशंकर दवे, डॉ. दिनेश भूरिया, एन. के. पाटीदार, सीएसपी अभिनव वारंगे, डीएसपी अजय सारवान के अलावा शहर के थाना प्रभारी, इंदौर, उज्जैन, मंदसौर, जावरा, सैलाना, पिपलौदा सहित जिले भर के पत्रकार और समाजजन मौजूद रहे।

    संचालन अदिति मिश्रा और दिव्यराज सिंह राठौर ने किया। आभार कोषाध्यक्ष राजेंद्र केलवा ने माना।