भगवा ध्वज लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे करमदी के रहवासी, कलेक्टर से बोले- ध्वज नहीं लगने पर करेंगे चुनाव का बहिष्कार

करमदी स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर पर भगवा ध्वज नहीं लगाने देने से नाराज ग्रामीणों ने ध्वज लेकर कलेक्ट्रेट पर धरना दिया। उन्होंने ध्वज नहीं लगने पर चुनाव के बहिष्कार की बात कही है।

Aug 22, 2023 - 21:43
Aug 24, 2023 - 21:43
 0
भगवा ध्वज लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे करमदी के रहवासी, कलेक्टर से बोले- ध्वज नहीं लगने पर करेंगे चुनाव का बहिष्कार
कलेक्ट्रेट में भगवा ध्वज लेकर पहुंचे करमदीवासी धरना देते हुए।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । करमदी स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर पर भगवा ध्वज नहीं लगाने देने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। प्रशासन के इस रुख के विरोध में करमदीवासी मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंच कर वहां धरना दिया। ग्रामीण अपने साथ वह भगवा ध्वज भी ले गए थे जिसे वे मंदिर पर लगाना चाहते हैं। ध्वज नहीं लगाने देने पर उन्होंने चुनाव के बहिष्कार की बात भी कही। 

करमदी के ग्रामीणों ने कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के समक्ष अपनी बात रखी। उन्होंने कलेक्टर को भगवा ध्वज भेंट कर कहा कि 14 अगस्त को आपने कहा था कि आप लोग विवादित स्थल से खंभा हटा लो, मैं अगले 48 घंटों में ध्वज लगवा दूंगा। आज आठ दिन बाद भी ध्वज नहीं लगा और ना ही समस्या का निराकरण हुआ।

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन भी सौंपा। इसमें बताया कि समस्या का निराकरण नहीं होने कि स्थिति में गांव के लोगों ने पूर्ण रूप से चुनाव के बहिष्कार की घोषणा की है। लोगों का कहना है कि हम गांव के ही लोगों के साथ ही आसपास के गांवों के परिचितों से भी चुनाव का बहिष्कार करवाएंगे।

ये थे उपस्थित

इस अवसर पर प्रभु शर्मा, नागूलाल वाघेला, राम खराडी, धर्मेन्द्र शर्मा, सुनील पाटीदार, जितेन्द्र शर्मा, राहुल पाटीदार, दशरथ मईड़ा, मनीष पाटीदार, श्यामसुंदर पाटीदार, ईश्वर राठौर, अशोक चौहान, जितेन्द्र राव सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।