युवा कांग्रेस जिला महासचिव शिल्पा सिसौदिया भाजपा में शामिल, भावना गुर्जर सोशल मीडिया प्रभारी नियुक्त

चुनावी माहौल में कांग्रेस के कार्यकर्ता भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। इसी तारतम्य में जिला युवा कांग्रेस महासचिव ने भाजपा की सदस्यता ली।

Oct 29, 2023 - 19:43
Nov 1, 2023 - 08:44
 0
युवा कांग्रेस जिला महासचिव शिल्पा सिसौदिया भाजपा में शामिल, भावना गुर्जर सोशल मीडिया प्रभारी नियुक्त
युवा कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हुईं शिल्पा सिसौदिया को भाजपा का दुपट्टा पहनाते जिला अध्यक्ष।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व से प्रभावित होकर युवा कांग्रेस की महासचिव शिल्पा सिसौदिया भाजपा मे शामिल हो गईं। पैलेस रोड स्थित जिला कार्यालय मे जिलाध्यक्ष ने सिसौदिया को सदस्यता प्रदान कर स्वागत किया।

जिलाध्यक्ष ने इस मौके पर कहा कि विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर भाजपा पुनः सरकार बनाने जा रही है। सरकार ने हर वर्ग का कल्याण किया है और आने वाले वर्षों में भाजपा देश को दुनिया की तीसरी महाशक्ति बनाने के लिए संकल्पित है। युवाओं के लिए भाजपा की नीति बहुत कल्याणकारी है, इससे प्रभावित होकर आज कई कार्यकर्ता कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो रहे हैं। सिसौदिया ने चुनाव में भाजपा को विजय बनाने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश सदस्य अनिता कटारिया, आशीष डांगी, मुकेश गवली, शबरी मंडल पूर्व अध्यक्ष कन्हैयालाल पाटीदार आदि मौजूद रहे।

उधर, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पूनम पटवा ने भावना गुर्जर को रतलाम शहर विधानसभा में महिला मोर्चा का सोशल मीडिया प्रभारी नियुक्त किया है। यह नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया, भाजपा जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश सदस्य अनिता कटारिया की सहमति से की है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।