माँ भारती की अभिनव अर्चना, राष्ट्र की प्रदक्षिणा को नागपुर में क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष चेतन्य काश्यप ने झंडी दिखाकर किया रवाना

क्रीड़ा भारती द्वारा मां भारती की अभिवन अर्चना की गई। देश के 225 स्थानों से एकसाथ एक ही समय में दोपहिया वाहनों से युवाओं की टोलियां रवाना हुईं और 18 हजार किमी की दूरी तय की।

May 24, 2022 - 12:17
 0
माँ भारती की अभिनव अर्चना, राष्ट्र की प्रदक्षिणा को नागपुर में क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष चेतन्य काश्यप ने झंडी दिखाकर किया रवाना
मां भारती की अभिनव अर्चना के लिए देश की प्रदिक्षणा हेतु नागपुर से रवाना हुई दोपहिया वाहन सवार टोलियां।

आजादी की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर क्रीड़ा भारती ने किया अनूठा आयोजन, देश के 225 स्थानों से निकली युवाओं की टोलियों ने दोपहिया वाहन से तय की 18 हजार किमी की दूरी

एसीएन टाइम्स @ नागपुर / रतलाम । क्रीड़ा भारती के तत्वावधान में आज़ादी की 75 वी वर्षगाँठ के अवसर पर माँ भारती की अभिनव अर्चना के उद्देश्य से राष्ट्र की प्रदक्षिणा का आयोजन किया गया। देश में ‘एक साथ-एक समय’ हुए इस राष्ट्र की प्रदक्षिणा को नागपुर में आयोजित कार्यक्रम में क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष चेतन्य काश्यप ने झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रसाद महानकर, राष्ट्रीय मंत्री हरदास प्रसन्ना, नागपुर महानगर अध्यक्ष शरद सूर्यवंशी, रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी सनी फ्रांसिस, कॉलेज प्राचार्य शारदा नायडू, विद्या भारती नागपुर के अध्यक्ष शैलेन्द्र मानावत सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

क्रीड़ा भारती द्वारा नागपुर के ईश्वर देशमुख फिजिकल एज्युकेशन कॉलेज में आयोजित राष्ट्र की प्रदक्षिणा कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष चेतन्य काश्यप ने कहा कि आज़ादी के अमृत महोत्सव में ॐ की आकृति बनाकर इस आयोजन के माध्यम से देश के प्रति सम्मान और समर्पण प्रकट किया जाएगा। रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी सनी फ्रांसिस ने भी विचार रखे।

कार्यक्रम में दो यात्राएं नागपुर से जाम और भंडारा के लिए रवाना हुईं। इनमें 100-100 सदस्य शामिल हुए। यात्रा के प्रारंभ में भारत माता का पूजन कर राष्ट्रगान किया गया। इस मौके पर केन्द्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के संदेश का वाचन किया गया। क्रीड़ा भारती प्रतिज्ञा एवं राष्ट्र गीत वंदे मातरम् के गान के पश्चात ठीक 8.56 बजे एक साथ-एक समय पूरे देश भर के करीब 225 स्थानों से युवाओं की दोपहिया वाहन रैली का शुभारंभ हुआ।

देश में पहली बार आयोजित राष्ट्र प्रदक्षिणा के इस आयोजन में देश के मध्य ओम् की आकृति बनाई गई। राष्ट्र प्रदक्षिणा कर रही युवाओं की टोलियां 18 हजार किलोमीटर का भ्रमण करेंगी। 225 स्थानों से निकली इन टोलियों में 75 युवक-युवति शामिल हुए। इसमें केन्द्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय का सहयोग रहा।

प्रदक्षिणा शुभारंभ के पूर्व क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष चेतन्य काश्यप, संगठन मंत्री प्रसाद महानकर एवं राष्ट्रीय मंत्री हरदास प्रसन्ना ने रेशमबाग नागपुर स्थित डॉ. हेडगेवार के स्मारक पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए एवं वरिष्ठों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।