B.Ed Admission 2026 MP : प्रथम चरण के लिए आवेदन व च्वाइश फिलिंग की अंतिम तिथि 14 मई, रॉयल कॉलेज प्रबंधन से जानिए पूरी प्रवेश प्रक्रिया
मध्य प्रदेश में बी.एड. सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रथम चरण की अंतिम तिथि 14 मई 2026 है। जानिए पूरी काउंसलिंग प्रक्रिया, पात्रता, मेरिट और फीस से जुड़ी जानकारी।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । उच्च शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश शासन द्वारा बी.एड. सत्र 2026-27 के लिए दो वर्षीय नियमित पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु विस्तृत समय-सारणी जारी कर दी गई है। प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से संचालित होगी और इसके लिए कुल तीन चरण निर्धारित किए गए हैं। इच्छुक विद्यार्थी एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से निर्धारित काउंसलिंग प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं।
रॉयल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड एडवांस्ड स्टडीज, रतलाम की शिक्षा संकाय की प्राचार्य डॉ. आर. के. अरोरा ने बताया कि सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए स्नातक अथवा स्नातकोत्तर में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। वहीं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार 5 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिन विद्यार्थियों का स्नातक अंतिम वर्ष का परिणाम अभी घोषित नहीं हुआ है, वे प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के अंकों के आधार पर ऑनलाइन पंजीयन कर प्रावधिक प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं।
प्रथम चरण: 14 मई तक ऑनलाइन पंजीयन
प्रथम चरण में ऑनलाइन पंजीयन एवं कॉलेज चॉइस फिलिंग की अंतिम तिथि 14 मई 2026 निर्धारित की गई है। दस्तावेजों के भौतिक सत्यापन की अंतिम तिथि 15 मई रहेगी।
इस चरण की मेरिट सूची 18 मई को जारी होगी, जबकि सीट आवंटन 20 मई 2026 को किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को 20 मई से 25 मई तक हेल्प सेंटर पर दस्तावेज सत्यापन कराना होगा तथा 20 मई से 26 मई 2026 तक प्रवेश शुल्क जमा कर प्रवेश सुनिश्चित करना होगा।
द्वितीय चरण: 28 मई से शुरू होंगे आवेदन
द्वितीय चरण में ऑनलाइन पंजीयन 28 मई से 3 जून 2026 तक किए जाएंगे। दस्तावेज सत्यापन 29 मई से 4 जून तक होगा। मेरिट सूची 7 जून को प्रकाशित होगी तथा सीट आवंटन 9 जून 2026 को जारी किया जाएगा।
इस चरण में चयनित विद्यार्थियों को 9 जून से 12 जून तक हेल्प सेंटर पर सत्यापन कराना होगा और 9 जून से 13 जून 2026 तक प्रवेश शुल्क जमा करना अनिवार्य रहेगा।
तृतीय चरण: 15 जून से होगी प्रक्रिया
तृतीय चरण में ऑनलाइन पंजीयन 15 जून से 19 जून 2026 तक होंगे। दस्तावेज सत्यापन 16 जून से 20 जून तक किया जाएगा। मेरिट सूची 22 जून तक प्रकाशित होगी, जबकि सीट आवंटन 25 जून 2026 को जारी किया जाएगा।
इसके बाद हेल्प सेंटर पर भौतिक सत्यापन 24 जून से 29 जून तक तथा प्रवेश शुल्क भुगतान 25 जून से 30 जून 2026 तक किया जा सकेगा।
ये भी पढ़ें
प्रवेश नहीं लेने पर अगले चरण से बाहर हो सकते हैं अभ्यर्थी
डॉ. आर. के. अरोरा ने बताया कि यदि किसी अभ्यर्थी को प्रथम वरीयता के आधार पर सीट आवंटित होने के बाद वह प्रवेश नहीं लेता है अथवा प्रवेश लेकर निरस्त कराता है, तो ऐसे अभ्यर्थियों को आगामी चरणों की चॉइस फिलिंग प्रक्रिया से पृथक किया जा सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे निर्धारित समय-सीमा में ऑनलाइन आवेदन एवं भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करें। महाविद्यालय आवंटन के बाद विद्यार्थियों को मूल दस्तावेज, टी.सी. और माइग्रेशन प्रमाण-पत्र सहित हेल्प सेंटर पर उपस्थित होना अनिवार्य रहेगा। सत्यापन पूर्ण होने के बाद ही प्रवेश शुल्क जमा करने की लिंक सक्रिय होगी।
ये भी पढ़ें










