खास खबर ! BJP महिला मोर्चा जिला अध्यक्षों की दो सूचियों ने बढ़ाया सस्पेंस, 22 और 19 नामों वाली लिस्ट से कार्यकर्ताओं में भ्रम

भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्षों की दो अलग-अलग सूचियां सोशल मीडिया पर वायरल होने से रतलाम, पांढुरना और भिंड सहित कई जिलों में भ्रम की स्थिति बन गई। दोनों सूचियों में लेटरपैड, पत्र क्रमांक और हस्ताक्षर समान हैं, लेकिन एक में 22 और दूसरी में 19 नाम हैं।

खास खबर ! BJP महिला मोर्चा जिला अध्यक्षों की दो सूचियों ने बढ़ाया सस्पेंस, 22 और 19 नामों वाली लिस्ट से कार्यकर्ताओं में भ्रम
मप्र भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्षों की दो सूचियों ने बढ़ाया भ्रम।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा की जिला अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर शुक्रवार को सोशल मीडिया पर सामने आई दो अलग-अलग सूचियों ने प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं को उलझन में डाल दिया। दोनों सूचियां देखने में पूरी तरह एक जैसी हैं, लेकिन एक सूची में 22 जिला अध्यक्षों के नाम हैं, जबकि दूसरी सूची में केवल 19 नाम शामिल हैं। इस अंतर ने रतलाम, पांढुरना और भिंड सहित तीन जिलों में नियुक्तियों को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा कर दी।

शुक्रवार शाम को भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी परांजपे राजवाड़े के हस्ताक्षर वाली जिला अध्यक्षों की नियुक्ति संबंधी सूची सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई। यह सूची भाजपा महिला मोर्चा के आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल और फेसबुक पेज पर भी उपलब्ध है, जिसमें 19 जिलों के जिला अध्यक्षों के नाम घोषित किए गए हैं।

हालांकि, इससे पहले सोशल मीडिया पर इसी प्रारूप की एक अन्य सूची भी प्रसारित हुई, जिसमें कुल 22 जिला अध्यक्षों के नाम दर्ज हैं। इस सूची में रतलाम, पांढुरना और भिंड के नाम भी शामिल हैं। सूची वायरल होते ही संबंधित जिलों के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने घोषित नामों को बधाई एवं शुभकामनाएं देना शुरू कर दिया। देर रात तक सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं का सिलसिला जारी रहा।

ये भी पढ़ें

जब दोनों सूचियां सामने आईं तो बढ़ा भ्रम

रतलाम में दीपमाला सोनी, पांढुरना में मंजूलता सोमवंशी और भिंड में आरती पाठक के नाम वायरल सूची में आने के बाद समर्थकों ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने की बधाइयां देना शुरू कर दिया। इसी दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने संगठन के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी सूची का मिलान किया तो उन्हें केवल 19 नामों वाली सूची ही दिखाई दी। उसमें इन तीनों जिलों का कोई उल्लेख नहीं था।

यहीं से कार्यकर्ताओं के बीच सवाल उठने लगे कि आखिर सोशल मीडिया पर वायरल 22 नामों वाली सूची की वास्तविकता क्या है। इसके बाद कई लोगों ने संगठन के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट, विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप और अन्य प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध दोनों सूचियों की बारीकी से जांच शुरू की।

लेटरपैड से लेकर हस्ताक्षर तक सब कुछ एक जैसा

दोनों सूचियों का मिलान करने पर सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि दोनों दस्तावेजों में नामों के अलावा लगभग हर विवरण समान है। दोनों एक ही लेटरहेड पर जारी प्रतीत होते हैं। प्रदेश अध्यक्ष का नाम, मोबाइल नंबर, निवास का पता, जबलपुर स्थित संभागीय कार्यालय तथा भोपाल स्थित मुख्य कार्यालय का पता भी हू-ब-हू एक जैसा है।

इतना ही नहीं, दोनों सूचियों में पत्र क्रमांक (JUL26/01/01-1007), दिनांक (10.07.2026) तथा प्रदेश अध्यक्ष के हस्ताक्षर भी समान दिखाई देते हैं। यही कारण है कि कार्यकर्ताओं के लिए यह तय करना मुश्किल हो गया कि कौन-सी सूची आधिकारिक है और कौन-सी संदिग्ध।

ये भी पढ़ें

अब सबसे बड़ा सवाल-22 नामों वाली सूची आई कहां से?

चूंकि संगठन के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 19 जिला अध्यक्षों वाली सूची उपलब्ध है, इसलिए अब सबसे बड़ा प्रश्न यही है कि 22 नामों वाली सूची किसने तैयार की और वह सोशल मीडिया पर कैसे प्रसारित हुई। फिलहाल इस संबंध में संगठन की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

उधर, जिन नेताओं के नाम अतिरिक्त सूची में शामिल होने के कारण उन्हें बधाइयां मिलीं, वे भी अब असमंजस की स्थिति में हैं। कार्यकर्ताओं के बीच भी यह चर्चा तेज है कि इस पूरे घटनाक्रम पर संगठन की ओर से जल्द स्पष्टता आनी चाहिए, ताकि नियुक्तियों को लेकर बना भ्रम समाप्त हो सके।

फिलहाल प्रदेश की राजनीतिक और संगठनात्मक हलचल के बीच यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और सभी की नजर भाजपा महिला मोर्चा के आधिकारिक स्पष्टीकरण पर टिकी है।

अब ये लग रहे कयास

एक जैसी दो सूचियों के सामने आने के बाद कयासों का दौर शुरू हो गया है। लोगों का कहना है कि लगता है कि पहले पार्टी द्वारा 22 जिला अध्यक्षों की सूची जारी की गई होगी। हो सकता है कि रतलाम, पांढुरना और भिंड की नियुक्ति को लेकर कहीं से कोई आपत्ति उठी हो जिसके बाद सूची हटा दी गई और 19 नामों वाली नई सूची अपलोड कर दी गई हो। हालांकि, अभी इस बारे में कुछ दावे के साथ नहीं कहना गलत होगा।

संगठन के X और facebook पेज पर जारी सूची

22 जिला अध्यक्षों वाली वायरल सूची