आमजन व प्रबुद्धजन की राय से तैयार होगा भाजपा का संकल्प-पत्र, विधायक चेतन्य काश्यप ने बताई रतलाम को महानगर बनाने की परिकल्पना

विधायक चेतन्य काश्यप ने रतलाम को महानगर बनाने का अपना संकल्प पुनः दोहराया है। उन्होंने बताया रतलाम शहर के विकास को लेकर भाजपा का संकल्प-पत्र आमजन और प्रबुद्धजन की राय से तैयार होगा।

आमजन व प्रबुद्धजन की राय से तैयार होगा भाजपा का संकल्प-पत्र, विधायक चेतन्य काश्यप ने बताई रतलाम को महानगर बनाने की परिकल्पना
प्रबुद्धजन की बैठक को संबोधित करते विधायक चेतन्य काश्यप।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर कैसे विकास के नए आयामों को छुए, ऐसे कौन से काम यहां होने चाहिए, इस बात को लेकर रविवार को विधायक चेतन्य काश्यप की उपस्थिति में शहर के आमजन एवं प्रबुद्धजन ने बहुमूल्य सुझाव दिए। इन सुझावों के आधार पर भाजपा अपना संकल्प-पत्र तैयार करेगी। महापौर प्रत्याशी ने रतलाम को मप्र का सर्वश्रेष्ठ नगर बनाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा विधायक काश्यप के नेतृत्व में 8-9 वर्षों में काफी कुछ बदला है। शेष कार्यों को पूर्ण कर रतलाम को नगर से महानगर बनाने का संकल्प पूरा किया जाएगा।

बैठक के आरंभ में विधायक काश्यप ने शहर विकास के कार्यों जानकारी दी। उन्होंने रतलाम को महानगर बनाने की परिकल्पना प्रस्तुत की। काश्यप ने कहा कि शहर के विकास के लिए जो आधारभूत सुविधाएं चाहिए, उनके लिए रतलाम में भाजपा की नगर सरकार होना जरूरी है। रतलाम का विकास करना है तो एक नया रतलाम बसाना होगा। इसके लिए 8लेन एक्सप्रेस-वे के समीप विशेष निवेश क्षेत्र बनने जा रहा है। निवेश क्षेत्र में उद्योगपतियों को आर्कषित करने के लिए आधारभूत संरचनाएं विकसित करना होंगी। शहर को सुविधा संपन्न बनाना पडे़गा। निवेश क्षेत्र के लिए सर्वे हो चुका है। इसमें लॉजिस्टीक पार्क एवं इन्वेस्टमेंट रिजन बनाने की योजना बनी है। हमने फिल्म सिटी के लिए भी प्रस्ताव दिया है। टेक्सटाइल पार्क की योजना पर भी काम चल रहा है। रतलाम को एक मॉडल शहर बनाएंगे।

विधायक काश्यप ने गोल्ड कॉम्प्लेक्स, मिनी स्मार्ट सिटी आदि के कार्यों पर भी प्रकाश डाला, कहा कि सारी सुविधाओं के विकास में नगरीय निकाय अधिक जवाबदारी होती है इसलिए आमजन और प्रबुद्धजन के सुझाव प्राप्त कर भाजपा संकल्प-पत्र तैयार कर रही है। इसमें जनहित के सारे विषयों का समावेश किया जाएगा। आरंभ में पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा ने विषय प्रवर्तन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के संकल्प-पत्र में सभी जन अपेक्षाएं समाहित की जाना हैं। इसलिए यह बैठक आयोजित की गई हैं। प्रबुद्धजन शहरहित में सुझाव देकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं। इस दौरान नगर निगम चुनाव संयोजक मनोहर पोरवाल, सहसंयोजक जयवंत कोठारी, व्यापारिक प्रकोष्ठक के जिला संयोजक रजनीश गोयल, व्यवसायिक प्रकोष्ठ के संयोजक रजनीश जैन मंचासीन रहे।

इन्होंने व्यक्त किए विचार

बैठक में समाजसेवी टीएस अंकलेसरिया, सीए केदार अग्रवाल, डॉ. गोपाल मजावदिया, महेंद्र नाहर, मुकेश जैन, संस्कार कोठारी, वरूण पोरवाल, विनोद करमचंदानी, अभिभाषक सतीश त्रिपाठी, जितेंद्र मेहता, सौरभ सक्सेना, सीए प्रमोद नाहर, सिद्धार्थ कोठारी, समरथ पाटीदार, श्वेता विंचुरकर, संजय पारख, प्रवीण गुप्ता, सुरेन्द्र चत्तर, कुंदन सोनी सहित अन्य ने विचार व्यक्त किए। आभार पूर्व महापौर डागा ने माना।