बीएलओ घर-घर पहुंचकर मतदाताओं का सत्यापन गंभीरता के साथ करें, मतदाता सूची में कोई त्रुटि हो तो अभी दूर कर लें- डॉ. संजय गोयल

उज्जैन संभाग के आयुक्त डॉ. संजय गोयल ने रतलाम में बैठक लेकर मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण गंभीरता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदाताओं से भी बात की।

Sep 22, 2023 - 15:52
Oct 11, 2023 - 10:06
 0
बीएलओ घर-घर पहुंचकर मतदाताओं का सत्यापन गंभीरता के साथ करें, मतदाता सूची में कोई त्रुटि हो तो अभी दूर कर लें- डॉ. संजय गोयल
मतदादा सूची के पुनरीक्षण के दौरान कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी से चर्चा करते संभागायुक्त डॉ. संजय गोयल।

उज्जैन संभाग आयुक्त डॉ. संजय गोयल ने रतलाम में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले के सभी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची अपने शुद्धतम रूप में हो, उसमें कोई भी त्रुटि नहीं हो। बीएलओ घर-घर पहुंचकर किया जा रहा मतदाता सत्यापन का कार्य गंभीरता से करें। उक्त निर्देश उज्जैन संभाग आयुक्त एवं निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त ई-रोल ऑब्जर्वर डॉ. संजय गोयल ने रतलाम में आयोजित समीक्षा बैठक में दिए गए।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, जिले के सभी एसडीएम तथा बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित थे। संभाग आयुक्त डॉ. गोयल ने कहा कि यदि अभी भी मतदाता सूची में कोई कमी है तो उसे तत्काल दूर कर लें। आयोग की मंशा की अनुसार मतदाता सूची में कोई त्रुटि नहीं हो। घर-घर पहुंच कर सत्यापन कार्य में लगे बीएलओ कार्य की गंभीरता को समझें। निष्क्रिय बीएलओ को सक्रिय करें।

डॉ. गोयल ने रतलाम शहर के बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा संधारित फोटोयुक्त मतदाता सूची का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाताओं के नाम जोड़ने, घटाने के लिए प्राप्त आवश्यक दस्तावेजों, पंचनामा, लोगों के कथन की जानकारी भी ली। विसंगतियों को सुधारने के निर्देश दिए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण के पश्चात अद्यतन स्थिति पर पावर पाइंट प्रेजेंटेशन दिया।

अरिहंत कॉलोनी पहुंचकर मतदाताओं से किया संपर्क

संभाग आयुक्त डॉ. गोयल शहर की अरिहंत कॉलोनी पहुंचे। यहां बूथ नंबर 152 से संबंधित मतदाताओं के घर पहुंचकर बीएलओ के आगमन की जानकारी ली। उन्होंने कॉलोनी निवासी संकेत मालीवाड़ तथा डिंपल सिंह से बात की। उनके घर आने वाले बीएलओ द्वारा की गई कार्रवाई के बारे में भी पूछताछ की।

निर्वाचन व्यय निगरानी दल का प्रशिक्षण 27 सितंबर को

विधानसभा चुनाव 2023 के तहत निर्वाचन व्यय लेखा दल, सहायक व्यय प्रेक्षक, एम.सी.एम.सी. पेड न्यूज दल को राज्य स्तरीय प्रशिक्षकों द्वारा 27 सितंबर को प्रातः 11.00 बजे कलेक्टोरेट सभाकक्ष में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।