कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने स्वास्थ्य सेवाओं में कसावट लाने के दिए निर्देश, कोरोना से निपटने के लिए हर स्तर पर तैयार रहने के लिए कहा

रतलाम जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं और सेवाओं में कसावट लाने को लेकर कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

Dec 30, 2023 - 22:00
 0
कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने स्वास्थ्य सेवाओं में कसावट लाने के दिए निर्देश, कोरोना से निपटने के लिए हर स्तर पर तैयार रहने के लिए कहा
कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप सीएमएचओ डॉ. आनंद चंदेलकर और जिला महामारी नियंत्रक डॉ. गौरव बोरीवाल से स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चर्चा करते हुए। समीप हैं रोगी कल्याण समिति सदस्य हेमंत राहौरी।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले के स्वास्थ्य सेवाओं में कसावट लाने के लिए कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की बैठक ली। इसमें उन्होंने कोरोना की रोकथाम के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े अन्य कार्यों की जानकारी ली। मंत्री काश्यप ने विभागीय अधिकारियों को हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।

कैबिनेट मंत्री काश्यप को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनन्द चन्देलकर एवं जिला महामारी नियंत्रक डॉ. गौरव बोरीवाल ने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं से अवगत कराया। काश्यप ने अधिकारी द्वय को जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं का तत्काल निरीक्षण करने एवं वहां व्याप्त कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। अस्पताल में सफाई एवं कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं का निराकरण करने पर जोर दिया।

चर्चा के दौरान काश्यप ने जिले में पोषण आहार वितरण की स्थिति और रक्त अल्पता की समस्या की जानकारी ली और इनमें सभी पात्र लोगों को लाभ देने के निर्देश दिए। जिले के आदिवासी क्षेत्रों में रक्त अल्पता और कुपोषण के शिकार मरीजों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस दौरान कोरोना संक्रमण रोकने की तैयारी पर भी विस्तार से चर्चा हुई। काश्यप ने मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं के साथ-साथ कोरोना जांच, वार्ड का प्रबंध करने और अन्य तैयारियां करने के निर्देश भी दिए। चर्चा के दौरान रोगी कल्याण समिति के सदस्य हेमन्त राहोरी उपस्थित रहे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।