आस्था पर हमला ! चारधाम यात्रा पर साइबर ठगों की नजर, हेलीकॉप्टर बुकिंग और टूर पैकेज तक सब फर्जी, रतलाम पुलिस ने जारी किया का अलर्ट
चारधाम यात्रा के नाम पर बढ़ रही साइबर ठगी को लेकर रतलाम पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें फर्जी वेबसाइट और बुकिंग से बचने की अपील की गई है।
साइबर ठग नकली वेबसाइट और लिंक से श्रद्धालुओं को बना रहे निशाना, ये सावधानी बरतें तो नहीं होंगे ठगी का शिकार
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । चारधाम यात्रा सीजन के बीच साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं और धार्मिक आस्था का फायदा उठाकर श्रद्धालुओं को निशाना बना रहे हैं। रतलाम पुलिस ने इस बढ़ते खतरे को देखते हुए एडवाइजरी जारी कर लोगों से सतर्क रहने और केवल अधिकृत माध्यमों से ही बुकिंग करने की अपील की है।
एसपी अमित कुमार के निर्देशन एवं एएसपी विवेक कुमार के मार्गदर्शन में रतलाम की साइबर क्राइम सेल द्वारा लगातार आमजन को जागरूक किया जा रहा है। हाल ही में सामने आया है कि साइबर अपराधी चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को टारगेट कर रहे हैं। साइबर ठग फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया प्रोफाइल और व्हाट्सऐप नंबरों के जरिए हेलीकॉप्टर बुकिंग, होटल/गेस्ट हाउस, टैक्सी सेवा, टूर पैकेज और यात्रा पंजीयन जैसी सुविधाओं के नाम पर आकर्षक ऑफर दे रहे हैं। ये वेबसाइट्स देखने में बिल्कुल असली जैसी लगती हैं, जिससे लोग आसानी से इनके झांसे में आ जाते हैं।
भुगतान करने के बाद ठग या तो नकली टिकट/बुकिंग रसीद भेज देते हैं या फिर संपर्क पूरी तरह से बंद कर देते हैं। इससे श्रद्धालुओं को न सिर्फ आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है, बल्कि यात्रा के दौरान गंभीर परेशानियों का सामना भी करना पड़ता है। रतलाम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन बुकिंग करते समय पूरी सावधानी बरतें और केवल अधिकृत व विश्वसनीय प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें।
सावधानी ही बचाव: ऐसे रहें सुरक्षित
- किसी भी वेबसाइट पर भुगतान करने से पहले उसकी प्रामाणिकता की जांच जरूर करें
- सोशल मीडिया या अनजान लिंक पर क्लिक करने से पहले सत्यापन करें
- हेलीकॉप्टर, होटल, टैक्सी या टूर पैकेज की बुकिंग केवल अधिकृत वेबसाइट या भरोसेमंद एजेंसी से ही करें
- बेहद सस्ते ऑफर या तत्काल बुकिंग के दबाव से सतर्क रहें
- किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP या बैंकिंग जानकारी साझा न करें
ये भी पढ़ें
यहां करें शिकायत, मिलेगी मदद
यदि कोई व्यक्ति इस तरह की साइबर ठगी का शिकार होता है, तो वह तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या साइबर सेल रतलाम से संपर्क करे। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कर सकता है या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर सकता है। रतलाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं सतर्क रहें और दूसरों को भी जागरूक करें, ताकि ऐसे साइबर अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
ये भी पढ़ें










