नए स्वरूप में विकसित होंगे कालिका माता मंदिर लोक और विरुपाक्ष महादेव मंदिर, कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने ली बैठक, दिए निर्देश

रतलाम में श्री कालिका माता लोक और श्री विरुपाक्ष महादेव मंदिर क्षेत्र को विकसित करने के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए मंत्री चेतन्य काश्यप ने अधिकारियों की बैठक लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

Apr 9, 2026 - 22:11
 0
नए स्वरूप में विकसित होंगे कालिका माता मंदिर लोक और विरुपाक्ष महादेव मंदिर, कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने ली बैठक, दिए निर्देश
कालिका माता लोक और विरुपाक्ष महादेव मंदिर विकास प्रोजेक्ट की समीक्षा के दौरान नक्शा देखते मंत्री चेतन्य काश्यप। समीप हैं कलेक्टर मिशा सिंह और महापौर प्रहलाद पटेल व अन्य।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । राज्य शासन द्वारा रतलाम जिले में कालिका माता मंदिर लोक और विरुपाक्ष महादेव मंदिर बिलपाक को नए स्वरूप में विकसित करने संबंधी कार्य योजना तैयार की गई है। इस संबंध में कैबिनेट मंत्री एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री चेतन्य काश्यप, रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामोर, महापौर प्रेंहलाद पटेल, कलेक्टर मिशा सिंह सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में इंजीनियर ने रतलाम शहर के कालिका माता मंदिर परिसर और विरुपाक्ष महादेव मंदिर बिलपांक को नए स्वरूप में विकसित करने हेतु नक्शा एवं आमजन को आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तार से प्रेजेंटेशन दिया। कार्य योजना के अनुसार रतलाम शहर के झाली तालाब के आसपास सुंदर डेकोरेशन लाइटिंग एवं दुर्गा माता के 9 स्वरूपों की आकर्षक झांकी तैयार की जाएगी।

ये व्यवस्थाएं होंगे श्री कालिका माता लोक में

यहां आने-जाने वाले लोगों के लिए सुलभ रूप में दर्शन व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, फूड जोन, बैठने की व्यवस्था, लाइटिंग, झाली तालाब का सौंदर्यकरण, बाउंड्री वॉल, श्रद्धालुओं के लिए गरबा स्थल की व्यवस्था, पेड़-पौधों को आकर्षक रूप से सुसज्जित करने आदि के संबंध में विस्तार से चर्चा कर कार्ययोजना बनाई गई। कालिका माता मंदिर लोक का निर्माण होने के बाद परिसर अपने नए स्वरूप में निखरेगा। कालिका माता मंदिर परिसर में मेला लगने के उचित स्थान की व्यवस्था, दुकानों की व्यवस्था आदि के संबंध में भी कार्य योजना तैयार की गई।

विरुपाक्ष मंदिर के आस-पास बनेगा परकोटा

बैठक में बताया गया कि विरुपाक्ष महादेव मंदिर बिलपांक के मंदिर में मुख्य मंदिर तथा आसपास के चारों मंदिर का आवश्यक सुधार कार्य करते हुए नवीनीकृत किया जाएगा। मंदिर के आसपास परकोटा बनेगा। आमजन की सुविधा अनुसार मंदिर के दर्शन लिए आवागमन की व्यवस्था, पार्किंग की व्यवस्था, आसपास की सभी सड़कों से आवागमन की व्यवस्था आदि की कार्य योजना बनाई गई। दांतोड़िया रोड से ग्राम मऊ फंटा तक का डेढ़ किलोमीटर मार्ग पीडब्ल्यूडी के सहयोग से बनाने के संबंध में चर्चा की गई। कलेक्टर सिंह ने विकास कार्य संबंधित क्षेत्र के अतिक्रमण की स्थिति आबादी की स्थिति, निजी भूमि की स्थिति, शासकीय भूमि की स्थिति एवं कार्य में होने वाले व्यय का आकलन संबंधित अधिकारियों एवं इंजीनियर को 14 अप्रैल तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें

ये उपस्थित रहे

बैठक में बिलपांक के समाजसेवी अशोक पाटीदार, रतलाम ग्रामीण एसडीएम विवेक सोनकर, तहसीलदार आशीष उपाध्याय, जिला शहरी विकास अभिकरण परियोजना अधिकारी अरुण कुमार पाठक, पुरातत्व विभाग इंदौर के सब इंजीनियर अंकित चौहान, मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग के राजकुमार रघुवंशी, आर्किटेक्ट सागर जगवानी, मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग के कार्यपालिका यंत्री मनीष डहरिया उपस्थित रहे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।