पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने धार्मिक उन्माद फैलाने का किया षड्यंत्र, यह प्रदेश को दंगों की आग में झोंकने की साजिश है- शिवराज सिंह चौहान

मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा एक धार्मिक स्थल पर भगवा ध्वज फहराने का फोटो ट्वीट किए जाने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन पर गंभीर आरोप लगाया है। चौहान ने दिग्विजय सिंह के इस कृत्य को धार्मिक उन्माद फैलाने का षड्यंत्र निरूपित किया है। उन्होंने आगाह किया है कि प्रदेश में दंगा फैलाने की साजिश करने वाले को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Apr 12, 2022 - 14:44
Apr 12, 2022 - 15:25
 0
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने धार्मिक उन्माद फैलाने का किया षड्यंत्र, यह प्रदेश को दंगों की आग में झोंकने की साजिश है- शिवराज सिंह चौहान
शिवराज सिंह चौहान - दिग्विजय सिंह

एसीएन टाइम्स @ भोपाल । मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनके द्वारा एक धार्मिक स्थल पर भगवा ध्वज फहराते युवाओं का एक फोटो ट्वीट किया गया है। जिसे लेकर तीखी प्रतिक्रिया हो रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तो इसे प्रदेश में धार्मिक उन्मान फैलाना का षड्यंत्र ही कह डाला है। शिवराज के ऐसा करने वालों को सख्त हिदायत दी है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने ट्वीट कर कहा कि आज प्रातः प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने धार्मिक स्थल पर झंडा फहराने का जो फोटो ट्वीट किया है, वह मध्यप्रदेश का नहीं है। चौहान के अनुसार यह प्रदेश में धार्मिक उन्माद फैलाने का षड्यंत्र है। प्रदेश को दंगों की आग में झोंकने की साजिश है। सीएम ने कहा कि प्रदेश में यदि कोई दंगा फैलाने की साजिश करेगा तो वह कोई भी हो, मैं बर्दाश्त नहीं करूंगा।

खरगोन में अब तक 95 दंगाई हो चुके हैं गिरफ्तार

प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह ने मंगलवार को अपने निवास पर सुरक्षा के हालाकों को लेकर उच्चाधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को दंगा फैलाने और शांति भंग करने की साजिश करने वालों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा किसी भी स्थिति में प्रदेश की शांति भंग नहीं होने दी जाएगी। यदि कोई ऐसा करता है तो उससे सख्ती से निपटें। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि खरगोन में अब तक 95 दंगाइयों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तारी का क्रम अब भी जारी है। वीडियो फुटेज से भी दंगाइयों को चिन्हित किया गया है। आज भी खरगोन में दंगाइयों की संपत्ति जमींदोज करने की कार्रवाही जारी रहेगी।

4 आईपीएस और 15 डीएसपी सहित भारी सुरक्षा बल तैनात

अधिकारियों ने बताया दंगा प्रभावित खरगोन में 4 आईपीएस, 15 डीएसपी सहित आरएएफ की कंपनी और बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। बैठक में गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, पुलिस महानिदेशक  सुधीर सक्सेना सहित पुलिस और गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।