गायत्री परिवार का विराट अश्वमेध यज्ञ मुम्बई में 21 फरवरी से, रतलाम से विभिन्न तीर्थों का जल, रज, समिधा भेजी जाएगी

अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा मुंबई में आयोजित अश्वमेध यज्ञ के लिए रतलाम से आज रवाना होगी सामग्री।

Feb 12, 2024 - 15:57
 0
गायत्री परिवार का विराट अश्वमेध यज्ञ मुम्बई में 21 फरवरी से, रतलाम से विभिन्न तीर्थों का जल, रज, समिधा भेजी जाएगी
रतलाम से मुंबई भेजी जाने वाली सामग्री।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में 21 से 25 फ़रवरी 2024 को माया नगरी मुंबई में विराट 1008 कुंडीय अश्वमेध महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देश-विदेश से आने वाले हजारों साधकों एवं गायत्री परिजन प्रतिदिन गायत्री मंत्र की लाखों आहुतियाँ देंगे। 

यह आयोजन सत्प्रवृत्तियों के संवर्धन, दुष्प्रवृत्तियों के उन्मूलन, लोक कल्याण, वातावरण परिष्कार तथा सामाजिक समरसता एवं सद्भाव स्थापना के मंगल उद्देश्य से किया जा रहा है। इस पाँच दिवसीय यज्ञायोजन में विभिन्न संस्कार निःशुल्क सम्पन्न किए जाएंगे। साथ ही विराट मंगल कलश यात्रा, युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की जीवन प्रदर्शनी, उनके द्वारा रचित युगसाहित्य की प्रदर्शनी एवं स्टॉल, युवा सम्मेलन, नारी सम्मेलन, गौ संवर्द्धन, ग्राम प्रबंधन जैसे विभिन्न समसामयिक विषयों पर चिंतन, मंथन और मार्गदर्शन सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में राजनैतिक तथा सामाजिक क्षेत्र की बड़ी हस्तियां भी सम्मिलित होंगी। मुंबई के खारघर सेंट्रल पार्क स्थित कार्यक्रम स्थल पर जोरशोर से तैयारियां चल रही हैं। इसको लेकर गायत्री परिजन में अभूतपूर्व उत्साह हैं।

गायत्री परिवार रतलाम के मुख्य ट्रस्टी पातीराम शर्मा एवं प्रांतीय युवा समन्वयक विवेक चौधरी ने बताया कि यह अद्भुत संयोग है कि भगवान श्रीराम द्वारा अयोध्या आगमन के पश्चात अश्वमेध महायज्ञ किया गया था। इसी प्रकार अयोध्या में पुनः भगवान श्रीराम के विराजित होने के बाद अश्वमेध महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। 

रतलाम से भेजी जाएगी यह सामग्री 

शर्मा एवं चौधरी ने बताया रतलाम का सौभाग्य है कि यहाँ से मुम्बई अश्वमेध यज्ञ में भारत के 108 तीर्थों, पवित्र नदियों, सागरों, द्वादश ज्योतिर्लिंगों, सप्तपुरियों के जल एवं रज तथा चारों धाम, शंकराचार्य पीठ की पूजन सामग्री, भस्म भभूति इत्यादि पुनीत मंगल सामग्री प्रेषित की जाएगी। रतलाम की समर्पित गायत्री परिजन एवं साधिका संगीता राठौड़ एवं परिवार द्वारा ये सामग्रियाँ विभिन्न तीर्थो से संग्रहित की गई हैं। उनके द्वारा यह सामग्रियाँ मुम्बई अश्वमेध यज्ञस्थल पर पहुँचाई जाएंगी। विभिन्न तीर्थों से संग्रहित पवित्र सामग्री के पूजन वंदन एवं विदाई सोमवार (12 फ़रवरी) को दोपहर 04 बजे संगीता राठौड़ के शास्त्री नगर मेन रोड, रतलाम (डॉ. पाठक के सामने) निवास पर होगा। कार्यक्रम में सनातन समाज एवं गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा सामग्रियों का पूजन वंदन कर मुम्बई के लिए विदाई दी जाएगी।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।