6 IAS अफसरों की जिम्मेदारी में फेरबदल ! NEET विवाद के बाद IAS दीप्ति गौड़ मुखर्जी बनीं उच्च शिक्षा विभाग की सचिव, पल्लवी जैन गोविल को कॉरपोरेट मामलों का सचिव बनाया
कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने छह वरिष्ठ IAS अधिकारियों की सचिव स्तर पर नई नियुक्तियों को मंजूरी दी है। दीप्ति गौड़ मुखर्जी, पल्लवी जैन गोविल, वी. एल. कांता राव सहित अन्य अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां मिलीं हैं।
एसीएन टाइम्स @ नई दिल्ली । केंद्र सरकार ने वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के स्तर पर महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल किया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (Appointments Committee of the Cabinet—ACC) ने 10 अगस्त 2026 को जारी आदेश के माध्यम से छह वरिष्ठ अधिकारियों की नई नियुक्तियों को मंजूरी दी है। यह आदेश 23 जुलाई 2026 को जारी पूर्व आदेश 36/01/2026-EO(SM-I) में संशोधन कर जारी किया गया है।
कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के सचिवालय से जारी आदेश के अनुसार, इन नियुक्तियों में विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों के सचिव स्तर के पदों पर बदलाव किया गया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति एवं स्थापना अधिकारी मनीषा सक्सेना (सचिव) के हस्ताक्षर से जारी आदेश में जिन अधिकारियों की नियुक्तियों को मंजूरी दी गई है, उनमें दीप्ति गौड़ मुखर्जी (MP:93), पल्लवी जैन गोविल (MP:94), सुशील कुमार लोहानी (OR:95), वी. एल. कांता राव (MP:92), अर्चना वर्मा (AM:95) और सुनील पालीवाल (TN:93) शामिल हैं।
यह फेरबदल केंद्रीय मंत्रालयों में सचिव स्तर पर महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियों के पुनर्विन्यास के रूप में सामने आया है। विशेष रूप से उच्च शिक्षा, कॉरपोरेट मामले, युवा मामले, जल संसाधन, राजभाषा और अंतर्देशीय जलमार्ग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
ये भी पढ़ें
दीप्ति गौड़ मुखर्जी को उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी
NEET पेपर लीक को लेकर उपजे विवाद के बाद 1993 बैच की मप्र कैडर की भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की अधिकारी दीप्ति गौड़ मुखर्जी को केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है। वे वर्तमान में कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय में सचिव हैं। इन्हें यह जिम्मेदारी IAS विनीत जोशी (MN:92) के स्थान पर की गई है। जोशी पूर्व में उच्च शिक्षा मंत्रालय में सचिव थे जिन्हें पंचायती राज मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया था।
पल्लवी जैन गोविल लेंगी मुखर्जी की जगह
IAS पल्लवी जैन गोविल (MP:94) अब कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय में सचिव होंगी। वर्तमान में युवा मामले विभाग, युवा मामले और खेल मंत्रालय की सचिव पद पर पदस्थ पल्लवी को दीप्ति गौड़ मुखर्जी के स्थान स्थान पर यह जिम्मेदारी दी गयी है।
ये भी पढ़ें
सुशील कुमार लोहानी बने भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष
कैबिनेट सचिवालय में विशेष कार्य अधिकारी (Officer on Special Duty) IAS सुशील कुमार लोहानी (OR:95) को भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (Inland Waterways Authority of India—IWAI), बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
उन्हें इस पद पर भारत सरकार के सचिव के पद और वेतन पर नियुक्त किया गया है। आदेश में कहा गया है कि इस पद को अस्थायी रूप से सचिव स्तर पर अपग्रेड किया गया है।
यह नियुक्ति IAS सुनील पालीवाल (TN:93) के स्थान पर की गई है जिन्हें युवा मामले विभाग, युवा मामले और खेल मंत्रालय में सचिव बनाया गया है।
वी. एल. कांता राव गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग जाएंगे
IAS वी. एल. कांता राव (MP:92), जो वर्तमान में जल शक्ति मंत्रालय के जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग के सचिव हैं, को गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग में विशेष कार्य अधिकारी (Officer on Special Duty) नियुक्त किया गया है। उन्हें यह जिम्मेदारी भारत सरकार के सचिव के पद और वेतन पर दी गई है।
आदेश के अनुसार, कांता राव 30 सितंबर 2026 को IAS अंसुली आर्य (BH:89) के सेवानिवृत्त होने के बाद गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग में सचिव का पदभार संभालेंगे।
ये भी पढ़ें
अर्चना वर्मा जल संसाधन विभाग की सचिव नियुक्त
राष्ट्रीय जल मिशन की मिशन निदेशक (जल संसाधन, नदी विकास और गंगा कायाकल्प विभाग, जल शक्ति मंत्रालय) IAS अर्चना वर्मा (AM:95) को इसी विभाग में सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति वी. एल. कांता राव की गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग में विशेष कार्य अधिकारी के रूप में नियुक्ति के स्थान पर की गई है।
सुनील पालीवाल को युवा मामले विभाग की जिम्मेदारी
IAS सुनील पालीवाल (TN:93), जो वर्तमान में भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष, बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय हैं, को अब युवा मामले विभाग, युवा मामले और खेल मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति पल्लवी जैन गोविल के कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय में सचिव के रूप में नियुक्ति के स्थान पर की गई है।
ये भी पढ़ें








