मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 14 अगस्त को बाजना में, क्षेत्र की चिह्नित समस्याओं का होगा निराकरण

बाजना में 14 अगस्त को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान आयोजित होगा। जनसुनवाई के बाद विशेष जिला स्तरीय बैठक में स्वास्थ्य, आधार, समग्र आईडी, आयुष्मान और राजस्व संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 14 अगस्त को बाजना में, क्षेत्र की चिह्नित समस्याओं का होगा निराकरण
मुख्यंत्री जन-विश्वास अभियान की जानकारी देते कलेक्टर अजय कटेसरिया।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत 14 अगस्त (शुक्रवार) को बाजना में जनसंवाद, जनसुनवाई एवं उद्यम संवाद आयोजित किए जाएंगे। इसमें क्षेत्र की समस्याओं और शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाएगा।

यह निर्णय सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में लिया गया। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने सभी जिला अधिकारियों को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की तैयारियां समय पर पूरी करने और अभियान के दौरान प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने बताया कि प्रारंभिक समीक्षा में बाजना क्षेत्र से कुछ विशेष प्रकार की समस्याएं एवं शिकायतें सामने आई हैं। इन्हें ध्यान में रखते हुए अभियान के बाद आयोजित विशेष जिला स्तरीय बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे और मौके पर ही समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

प्रकरणों का होगा निराकरण

अभियान के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण, समग्र आईडी निर्माण एवं सुधार, आधार पंजीयन तथा आधार में नाम सहित अन्य संशोधन, आयुष्मान कार्ड निर्माण और राजस्व प्रकरणों के निराकरण पर विशेष रूप से कार्य किया जाएगा। संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने तथा पात्र हितग्राहियों को अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें

हर आवेदन पर गंभीरता से हो कार्रवाई

कलेक्टर अजय कटेसरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन को शासन की सेवाएं उनके निकट उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने तथा शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत, नगर निगम आयुक्त अनिल भाना सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें