रतलाम की आंगनवाड़ियों में मिली अनियमितताएं, 4 परियोजना अधिकारी, 2 सुपरवाइजर सहित अन्य को शोकॉज नोटिस जारी

रतलाम जिले की आंगनवाड़ियों में अनियमितताएं मिलने और मध्याह्न भोजन वितरित नहीं होने पर परियोजना अधिकारी सहित अन्य को नोटिस जारी किए हैं। अनियमितताएं जानने के लिए ये खबर पढ़ें।

Mar 23, 2026 - 19:22
 0
रतलाम की आंगनवाड़ियों में मिली अनियमितताएं, 4 परियोजना अधिकारी, 2 सुपरवाइजर सहित अन्य को शोकॉज नोटिस जारी
नोटिस।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले में संचालित आंगनवाड़ियों में अनियमितताएं थम ही नहीं रही हैं। अधिकारियों द्वारा लगातार किए जा रहे निरीक्षण के बाद भी अनियमितताएं मिल रही हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने इसके लिए परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका तथा एक स्व-सहायता समूह को शोकॉज नोटिस जारी किया है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग रामनिवास बुधोलिया ने बताया कि कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देशानुसार जिले में संचालित आंगनवाड़ी केन्द्रों की मॉनीटरिंग के लिए विकसित व्यवस्था के अंतर्गत जिले के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान कुछ केन्द्रों पर आंगनवाडी कार्यकर्ता एवं सहायिका अनुपस्थित पाई गईं। स्वयं सहायता समूह द्वारा भोजन समय पर प्रदाय नहीं करने की बात भी सामने आई है। कार्य में लापरवाही बरतने के कारण 4 परियोजना अधिकारी, 2 सुपरवायजर, 1 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, 1 सहायिका एवं सूरज स्व-सहायता समूह को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए हैं।

ये भी पढ़ें

कहां क्या अनियमितता मिली

निरीक्षण के दौरान बाजना परियोजना के अंतर्गत आंगनवाड़ी केन्द्र संदला-1 तथा सैलाना परियोजना के अंतर्गत बल्लापाड़ा आंगनवाड़ी केन्द्र बंद पाए गए। दोनों ही केन्द्रों पर कार्यकर्ता अनुपस्थित थीं। बाजना परियोजना की पर्यवेक्षक श्यामा सिंगाड़ एवं सैलाना परियोजना की पर्यवेक्षक अनीता खांदल द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका के कार्यों पर पर्याप्त नियंत्रण नहीं रखे जाने के पर उन्हें कारण बताओं सूचना पत्र जारी किया गया। आंगनवाड़ी केन्द्र बल्लापाड़ा पर सूरज स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष/सचिव द्वारा नाश्ता एवं भोजन प्रदाय नहीं किए जाने पर, आंगनवाड़ी सहायिका कृष्णा प्रभुलाल एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मंजु विश्राम को केन्द्र पर अनुपस्थित होने पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया।

ये भी पढ़ें

यहां भी मिली अनियमितता

निरीक्षण के दौरान आंगनवड़ी केन्द्र धनजीबाई का नोहरा क्र.-1 (रतलाम शहर-2), बरसी (आलोट), भैसा डावर (रतलाम ग्रामीण-2), हेवतखेड़ा (जावरा ग्रामीण) पर स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्धारित मेनू के अनुसार ताजा पका हुआ भोजन बच्चों को उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था।  इसके लिए रतलाम शहर-2 की परियोजना अधिकरी अर्चना माहौर, जावरा ग्रामीण परियोजना अधिकारी अंकिता पाटीदार, आलोट की प्रभारी परियोजना अधिकारी मोनिका शुक्ला, रतलाम ग्रामीण-2 की प्रभारी परियोजना अधिकारी फिरदौस खान द्वारा केन्द्र का संचालन नियमानुसार एवं संतोषजनाक नहीं पाया गया। इससे विभाग द्वारा इन्हें भी कारण बताओ सूचना पर जारी किया गया।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।