20 मई को दवा दुकानों पर ताले ! नकली दवाओं और ऑनलाइन बिक्री के विरोध में दवा व्यवसायी राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर
राष्ट्रव्यापी आह्वान के समर्थन में रतलाम के सभी दवा व्यवसायी 20 मई को एक दिन की हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान प्रदर्शन, पुतला दहन और मार्च का आयोजन किया जाएगा।
दवा व्यवसायियों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल 20 मई को, इस दिन नहीं मिलेंगी दवाइयां
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । AIOCD और MPCDA द्वारा दिनांक 20 मई 2026 (बुधवार) को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया गया है। इस दिन पूरे देश के दवा व्यवसायी हड़ताल पर रह कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करेंगे। हड़ताल के चलते जिला प्रशासन द्वारा कुछ मेडिकल स्टोर चिह्नित किए गए हैं जहां दवाइयां उपलब्ध हो सकेंगी।
देश में दवा की ऑनलाइन बिक्री बढ़ने, नकली दवाओं का उपयोग होने, नशे की दवा का व्यापार फलने-फूलने के साथ ही बड़ी दवा निर्माता कंपनियों द्वारा भारी डिस्काउंट दिए जाने से छोटे दवा व्यवसायी परेशान हैं। इसका देश स्तर पर विरोध हो रहा है। रतलाम जिला केमिस्ट एन्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने भी इसका विरोध किया है। एसोसिएशन ने 20 मई को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल का समर्थन कर हड़ताल में शामिल होने का ऐलान किया है।
ऐसे करेंगे विरोध प्रदर्शन
रतलाम जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील मूणत एवं सचिव राजेश कोठारी ने बताया हड़ताल के दौरान प्रातः 10.00 बजे कॉलेज रोड पर जिला अस्पताल के गेट पर बोथरा मेडिकल के सामने सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद 10.30 बजे कॉलेज रोड से डालूमोदी बाजार तक मार्च निकलेगा। डालूमोदी बाजार चौराहे पर ऑनलाइन दवा कारोबार एवं नकली दवाओं की बिक्री के विरोध में पुतला दहन किया जाएगा।
ये भी पढ़ें
आमजन से क्षमा भी मांगी
पदाधिकारीद्वय ने सभी दवा व्यवसायियों से आह्वान किया है कि उक्त सभी कार्यक्रम में अपने सम्पूर्ण स्टाफ सहित सम्मिलित होकर अपने व्यावसायिक हितों को जीवित रखने में सहयोगी बनें। पदाधिकारियों ने आम जनता को होने वाली परेशानी के लिए क्षमा भी मांगी है। उनका कहना है कि यह हड़ताल जनता को सही मूल्य पर सही दवाई दिलाने में सहायक होगी।
ये भी पढ़ें









